Dhanbad News: सदर अस्पताल में एमएनसीयू की सुविधा शुरू

Dhanbad News: बोले उपायुक्त : जरूरतमंद मरीजों को अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा, नवजात व बच्चों को मिलेगी बेहतर चिकित्सीय सुविधा.

धनबाद, सदर अस्पताल में नवनिर्मित मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) का उद्घाटन गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज व अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने संयुक्त रूप से किया. उपायुक्त श्री रंजन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को भी उत्कृष्ट और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिले. इस केंद्र के खुलने से गरीब मरीजों को इलाज के दौरान अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा. एमएनसीयू की शुरुआत इसी सोच का परिणाम है, जिससे नवजात शिशुओं को एक ही स्थान पर समग्र और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा.

सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की तर्ज पर विकसित होगा सदर अस्पताल

उपायुक्त ने कहा कि भविष्य में सदर अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा. जिससे जिले के मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. यह पहल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा.

पीआइसीयू समेत अन्य इकाईयों की भी हुई शुरुआत

एमएनसीयू के साथ-साथ अस्पताल में कई अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं भी शुरू की गयी हैं. इनमें पेडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआइसीयू), वैक्सीनेशन सेंटर, नर्सिंग स्टेशन, जलपान एवं भोजन कक्ष, किचन गार्डन, रजिस्ट्रेशन सह आयुष्मान मित्र काउंटर तथा पावर बैकअप जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं. इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर रूप से बीमार बच्चों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और रेफरल की आवश्यकता भी कम होगी.

केंद्र में तीन शिफ्ट में अनुभवी मेडिकल टीम रहेगी तैनात : सीएस

सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि एमएनसीयू में विभिन्न शिफ्टों में अनुभवी डॉक्टरों की टीम तैनात की गयी है. इनमें डॉ जितेंद्र कुमार, डॉ अजहरउल हक साही, डॉ विश्वजीत प्रसाद सिंह, डॉ नौशाद आलम, डॉ मनोज हेंब्रम, डॉ पल्लवी और डॉ कुमार गौतम शामिल हैं. जो 24 घंटे सेवा देंगे. उद्घाटन से पूर्व सभी अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज और लोटा-पानी से स्वागत किया गया. कार्यक्रम में अस्पताल प्रशासन, बैंक प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी भी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >