Dhanbad News: वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, सड़क जाम

Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड किसान चौक के समीप की घटना, परिजनों को मुआवजा देने की मांग को ले दोनों लेन पर रोका आवागमन, वार्ता में नियमानुसार मुआवजा दिलाने का मिला आश्वासन.

बरवाअड्डा, बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड किसान चौक के समीप गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर तारटांड (टुंडी) निवासी किशन महतो (48 वर्ष) की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जानकारी के अनुसार किशन साइकिल से मजदूरी करने धनबाद जा रहा रहा था. किसान चौक के समीप सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया.

सर्विस व सिक्स लेन में नो पार्किग में खड़े वाहनों को खाली करने की मांग

सूचना पर बड़ी संख्या में आसपास व ताराटांड़ के ग्रामीणों के साथ परिजन पहुंचे और लगातार हो रही सड़क दुर्घटना के खिलाफ टायर जलाकर व सड़क पर पत्थर रखकर दिल्ली कोलकाता लेन व कोलकाता दिल्ली लेन को पूरी तरह जाम कर दिया. पुलिस को शव उठाने से रोक दिया. लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने व जीटी रोड लोहार बरवा से कासीटांड़ तक दोनों तरफ सर्विस लेन व सिक्स लेन में नो पार्किग में खड़े वाहनों को खाली करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे. इस दौरान सड़क पर ही मृतक की मां, पत्नी व पिता विलाप करने लगे. इससे ग्रामीणों में और रोष व्याप्त हो गया. उनका कहना था नो पार्किग एरिया में ट्रक चालकों द्वारा गाड़ी खड़ा कर देने के कारण सड़क दुर्घटना हो रही है. कहा कि जबतक मृतक के परिजनों को मुआवजा व नो पार्किग एरिया से ट्रकों को नहीं हटाया जायेगा. तब तक शव को उठाने नहीं देंगे. जाम के कारण राहगीरों को परेशानी हुई. इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक जीटी रोड के दोनों लेन में जाम लग गया. परिजनों ने बताया कि किशन मजदूरी नहीं मिलने पर सब्जी भी बेचता था.

वार्ता के बाद शव उठा

सूचना पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाया, बुझाया. फिर प्रभारी श्री कुमार व भाजपा नेता मोहन कुंभकार, जेएलकेएम नेता शक्ति नाथ महतो, राजा दास, शंकर महतो व मृतक के परिजनों के बीच वार्ता हुई. वार्ता में थाना प्रभारी ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया. इसके बाद सड़क जाम हटा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >