Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच में अब मरीजों के बेड तक पहुंचेगा खाना

Dhanbad News: एक मई से निजी एजेंसी करेगी कैंटीन का संचालन, अधीक्षक कार्यालय में खोला गया टेंडर, तीन दिनों में एजेंसी होगी नियुक्त, प्रति मरीज तीन वक्त के भोजन पर एजेंसी को मिलेंगे 100 रुपये.

धनबाद, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में मरीजों को बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल की कैंटीन व्यवस्था एक मई से निजी हाथों में चली जायेगी. नयी व्यवस्था में एजेंसी के प्रतिनिधि मरीजों के बेड तक खाना पहुंचायेंगे. बुधवार को अधीक्षक कार्यालय में एजेंसियों के प्रतिनिधियों के समक्ष टेंडर खाेला गया. टेंडर में तीन एजेंसी शामिल हुए, जिसमें एक पश्चिम बंगाल व दो झारखंड के हैं. अगले तीन दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के साथ एजेंसी की नियुक्ति की जायेगी. कांट्रेक्ट के बाद एजेंसी को अपना सेटअप तैयार करने के लिए एक माह का समय दिया जायेगा. एक मई से एजेंसी कैंटीन का सारा कामकाज संभाल लेगी. अधीक्षक डॉ डीके गिंदाैरिया ने बताया कि वर्तमान में कैंटीन का संचालन अस्पताल प्रबंधन ही कर रहा है. हालांकि पर्याप्त मैन पावर नहीं होने से व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है. ऐसे में निजी एजेंसी को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है.

प्रति मरीज 100 रुपये में मिलेगा तीन वक्त का भोजन

टेंडर की शर्तों के अनुसार चयनित एजेंसी को प्रति मरीज प्रतिदिन तीन वक्त का भोजन उपलब्ध कराना होगा. इसके लिए एजेंसी को 100 रुपये प्रति मरीज का भुगतान किया जायेगा. भोजन में नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का भोजन शामिल होगा. तय राशि में पौष्टिक, स्वच्छ और समय पर भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी एजेंसी की होगी. अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और समयबद्धता पर विशेष नजर रखी जाएगी. इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की जाएगी.

मरीजों को बेहतर सुविधा देने का दावा

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार निजी एजेंसी के आने से कैंटीन व्यवस्था में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर, नियमित और संतुलित भोजन मिल सकेगा. एजेंसी के प्रतिनिधि मरीजों के बेड तक तीनों वक्त का भोजन पहुंचाएंगे. पहली बार मरीजों तक ढ़का हुआ भोजन पहुंचेगा. वर्तमान व्यवस्था के तहत कैंटीन स्टाफ के वार्ड पहुंचने पर मरीज या उनके परिजन भोजन की गाड़ी के पास खाना लेने के लिए जाते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >