Dhanbad News: नदी संरक्षण व जल प्रबंधन पर मंथन, अतिक्रमण व ओबी डंपिंग पर नजर

Dhanbad News: अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान के तहत गठित मल्टी स्टेकहोल्डर्स वर्किंग ग्रुप की पहली बैठक, विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा.

धनबाद, जिले की प्रमुख नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान के तहत गठित मल्टी स्टेक होल्डर्स वर्किंग ग्रुप की पहली बैठक बुधवार को समाहरणालय सभागार में हुई. अध्यक्षता उपायुक्त आदित्य रंजन व नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने संयुक्त रूप से की. बैठक में दामोदर, कतरी सहित जिले की प्रमुख नदियों और जल स्रोतों की वर्तमान स्थिति, उनके संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा समग्र जल प्रबंधन के उपायों पर चर्चा की गयी. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल विभिन्न संभावित पहल और उपायों पर प्रारंभिक स्तर पर विचार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में एक व्यावहारिक और समन्वित कार्ययोजना तैयार की जा सके. उपायुक्त श्री रंजन ने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कार्यों की प्राथमिकता और संभावित समयसीमा तय करनी जरूरी है. उन्होंने सुझाव दिया कि कुछ चयनित स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू करते हुए अन्य क्षेत्रों का सर्वेक्षण और अध्ययन समानांतर रूप से किया जाये. बैठक में नदियों के किनारे अतिक्रमण, ओवर बर्डन डंपिंग की पहचान, हरित क्षेत्र विकसित करने, पौधारोपण, पार्क व पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा हुई.

एरेटर नल लगाने का सुझाव

दामोदर बचाओ आंदोलन के प्रतिनिधि अरुण कुमार राय ने मटकुरिया और मनईटांड नालों से दामोदर नदी में जा रहे प्रदूषित पानी की समस्या उठाई. इस पर संबंधित नालों के सर्वेक्षण और सुधारात्मक कदम उठाने पर सहमति बनी. जल संरक्षण के लिए सरकारी भवनों, स्कूलों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एरेटर युक्त नल लगाने का सुझाव दिया गया, जिससे पानी की खपत 50 से 70 प्रतिशत तक कम की जा सकती है. बैठक में विभिन्न विभागों, वैज्ञानिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से प्रभावी अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने पर सहमति बनी. बैठक में सूडा के उप निदेशक सुमित कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, अपर नगर आयुक्त कमलेश्वर नारायण, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, आइआइटी (आइएसएम), सूडा, बीआइटी सिंदरी के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >