Dhanbad News: बीबीएमकेयू : अधिकांश वाटर प्यूरीफायर मिले खराब, एजेंसी को नोटिस जारी

Dhanbad News: कुलपति ने एकेडमिक ब्लॉक में पेयजल की स्थिति का लिया जायजा, गड़बड़ी मिलने पर जतायी नाराजगी.

धनबाद, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति सामने आयी. मंगलवार को कुलपति प्रो राम कुमार सिंह, प्रॉक्टर डॉ कौशल कुमार, रजिस्ट्रार डॉ राधानाथ त्रिपाठी और सीसीडीसी डॉ आरके तिवारी ने भवन का निरीक्षण कर पेयजल की स्थिति का जायजा लिया. सात मंजिला एकेडमिक ब्लॉक में हर फ्लोर पर वाटर प्यूरीफायर लगाये गये हैं, लेकिन अधिकांश खराब मिले. कुल 14 प्यूरीफायर में से केवल दो ही चालू हालत में मिले. इस कारण विद्यार्थियों व शिक्षकों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोगों को घर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है. इस स्थिति पर कुलपति ने नाराजगी जतायी.

एएमसी के बावजूद नहीं हो रहा मेंटेनेंस

विश्वविद्यालय प्रशासन ने वाटर प्यूरीफायर के रखरखाव के लिए एक एजेंसी से एएमसी कर रखा है. एजेंसी ने दावा किया कि हाल ही में आठ प्यूरीफायर का मेंटेनेंस किया गया है, लेकिन निरीक्षण में यह दावा गलत साबित हुआ. अधिकतर मशीनें खराब ही पाई गयीं.

एजेंसी को कड़ी चेतावनी

खराब व्यवस्था को देखते हुए कुलपति के निर्देश पर संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है. एजेंसी को स्पष्ट चेतावनी दी गयी है कि यदि जल्द सभी वाटर प्यूरीफायर ठीक नहीं किए गए, तो उसका वर्क ऑर्डर रद्द कर दिया जाएगा.

लिफ्ट सेवा भी ठप

वहीं, प्रशासनिक भवन और एकेडमिक ब्लॉक में लगी अधिकांश लिफ्ट भी मेंटेनेंस के अभाव में बंद पड़ी हैं. जानकारी के अनुसार, लिफ्ट की देखरेख के लिए की गयी एएमसी अवधि समाप्त हो चुकी है, जिस कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है. इससे सात मंजिला भवन में आवागमन भी मुश्किल हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >