धनबाद : धनबाद के निरसा क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू गोली लगने से घायल हो गया है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी थी. पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली सागर सिंह के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे धर दबोचा. धनबाद पुलिस घायल शूटर को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
धनबाद में बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी साजिश
पुलिस के अनुसार, सागर सिंह अपने अन्य सहयोगियों के साथ धनबाद क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से निरसा में इकट्ठा हुआ था. इस बात की भनक मिलते ही धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी के लिए भेजा गया था. पुलिस को देखते ही शूटर ने गोली चला दी, जिसके बाद मुठभेड़ की स्थिति बनी. फिलहाल पुलिस सागर सिंह के फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC और JSSC-CGL पेपर लीक जांच में CID ने चार को किया गिरफ्तार, कोचिंग संचालक से जुड़े तार
नीरज सिंह और निखार सबलोक हत्याकांड में था वांटेड
गिरफ्तार शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू का आपराधिक इतिहास काफी संगीन रहा है. वह धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटरों में से एक था. इसके अलावा, वह हाल ही में जमशेदपुर में हुए चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में भी वांछित (वांटेड) था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सागर सिंह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम हुई है और मामले की जांच पड़ताल जारी है.
ये भी पढ़ें: महगामा में झारखंड-बिहार का अब तक सबसे बड़ा मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन : बिहार आईटीएफ ने की छापेमारी
