धनबाद अंचल कार्यालय परिसर को सुरक्षित, व्यवस्थित और जनसुविधा के अनुरूप विकसित करने की तैयारी शुरू हो गयी है. डीडीसी सन्नी राज ने परिसर के विकास को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये हैं. उन्होंने क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की मरम्मत कराने, खाली जमीन का बेहतर इस्तेमाल करने तथा जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण व जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है. सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है.
सुरक्षा के लिए चहारदीवारी होगी दुरुस्त
अंचल कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की मरम्मत करायी जायेगी. अधिकारियों को चहारदीवारी के खराब हिस्सों को चिह्नित कर आवश्यक मरम्मत कराने को कहा गया है. इससे परिसर की सीमा को सुरक्षित रखने और अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. साथ ही सरकारी संपत्ति की सुरक्षा भी बेहतर होगी.
खाली जमीन पर दुकान बनाने की योजना
परिसर में उपलब्ध खाली जमीन के उपयोग को लेकर भी योजना तैयार की जायेगी. डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जमीन का आकलन कर वहां दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का मानना है कि इससे परिसर में उपलब्ध जमीन का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा. साथ ही लोगों को आसपास जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है.
जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण पर जोर
अंचल कार्यालय परिसर में मौजूद जर्जर भवनों की स्थिति का भी आकलन किया जायेगा. जरूरत के अनुसार इनके पुनर्निर्माण या जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. भवनों के दुरुस्त होने से कार्यालय के कामकाज के लिए सुरक्षित और बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध हो सकेगी.
बड़ी संख्या में पहुंचते हैं लोग
धनबाद अंचल कार्यालय में जमीन और राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ऐसे में परिसर को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है. विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के साथ उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया गया है. चहारदीवारी की मरम्मत, दुकानों के निर्माण और जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण की योजनाओं के अमल में आने के बाद अंचल कार्यालय परिसर की व्यवस्था में बदलाव की उम्मीद है.
