धनबाद. सरायढेला थाना क्षेत्र के देव विला स्थित देवप्रभा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से दो लाख रुपये नकद और कंपनी के आवश्यक दस्तावेज बिना अनुमति ले जाने का आरोप कंपनी के सर्वे ऑफिसर संजय माजी पर लगा है. इस संबंध में कंपनी के प्रशासनिक अधिकारी विकास कुमार सिंह के आवेदन पर शनिवार को सरायढेला थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तीन साल से कंपनी में कार्यरत था संजय
कंपनी की ओर से दिये गये आवेदन के अनुसार, संजय माजी करीब तीन वर्षों से कंपनी में कार्यरत था. पुराना कर्मचारी होने के कारण कंपनी उस पर भरोसा करती थी. काम से संबंधित कुछ आवश्यक दस्तावेज भी उसके पास रहते थे.
ये भी पढ़ें: झारखंड की अफसरशाही पर भड़के विधायक जयराम महतो, बोले- 'DC-BDO भूल गए प्रोटोकॉल, अब चलेगा पेन उलगुलान'
आरोप है कि 11 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे संजय माजी कंपनी के कार्यालय पहुंचा. उस समय कार्यालय में अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद नहीं थे. इसी दौरान उसने कार्यालय में रखे करीब दो लाख रुपये नकद और कंपनी के कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर वहां से चला गया.
मोबाइल बंद मिला, आवास पर भी नहीं मिला
आवेदन के अनुसार, पूर्वाह्न करीब 10:30 से 11 बजे के बीच कर्मचारियों ने संजय के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला. इसके बाद कंपनी के कर्मचारी उसके आवास पहुंचे. वहां उसकी पत्नी और बेटी मौजूद थीं.
बाद में फोन पर संपर्क होने पर संजय ने कथित तौर पर पत्नी के इलाज के लिए रुपये ले जाने की बात कही. कंपनी की ओर से राशि का हिसाब देने और दस्तावेज वापस करने को कहा गया, लेकिन आरोप है कि वह वापस नहीं आया. इसके बाद उसका मोबाइल फिर बंद हो गया.
विश्वास का दुरुपयोग करने का आरोप
कंपनी ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि संजय माजी ने कंपनी के विश्वास का दुरुपयोग करते हुए नकद राशि और आवश्यक दस्तावेज अपने साथ ले लिये. कंपनी की ओर से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी है.
ये भी पढ़ें: चापापुर ओसीपी में CISF की कार्रवाई के बाद हंगामा, 5 घंटे तक जवानों को घेरे रहे ग्रामीण
सरायढेला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस कर्मचारी के आरोपों, राशि और दस्तावेज से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है.
