Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच में आज से बंद हो सकती हैं सिटी स्कैन, यूएसजी समेत अन्य सेवाएं

Dhanbad News: पीपीपी मोड पर संचालित हेल्थ मैप की अनुबंध की अवधि हुई समाप्त, कंपनी को नहीं मिला एक्सटेंशन

Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में रेडियोलॉजी जांच की सुविधा संचालित कर रही हेल्थ मैप कंपनी की सेवाएं गुरुवार से बंद हो सकती हैं. जानकारी के अनुसार कंपनी का स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग से अनुबंध 31 दिसंबर, 2025 की रात 12 बजे तक ही है. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद आगे काम जारी रखने के लिए अबतक कंपनी को कोई एक्सटेंशन अथवा दिशा-निर्देश नहीं मिला है.

ज्ञात हो कि कंपनी का अनुबंध दो माह पूर्व ही समाप्त हो चुका था. विभाग की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित होने तक कंपनी को दो माह का अस्थायी विस्तार दिया गया था. इसकी अवधि 31 दिसंबर की मध्य रात्रि को समाप्त हो रही है. ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि एक जनवरी 2026, गुरुवार से एसएनएमएमसीएच में सिटी स्कैन, अल्ट्रासोनोग्राफी और एक्स-रे समेत अन्य रेडियोलॉजी जांच सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.

सेवाएं बंद हुईं तो मरीजों को होगी परेशानी

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कंपनी को अब तक विभाग की ओर से नवीनीकरण संबंधी कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है. यदि अंतिम समय तक कोई निर्णय नहीं हुआ तो मशीनें बंद कर दी जायेंगी और यहां तैनात कर्मचारियों को हटाया जा सकता है. ऐसे में मरीजों को जांच के लिए बाहर के रेडियोलॉजी सेंटर जाना होगा और अधिक पैसे भी चुकाने होंगे. लाल कार्ड धारकों को यहां मिलने वाली नि:शुल्क सेवा भी बंद हो जायेगी.

कर्मचारी असमंजस में, आगे क्या?

कंपनी के कर्मचारियों में भी असुरक्षा की स्थिति है. तकनीशियन और ऑपरेटरों का कहना है कि अनुबंध समाप्त होने के बाद यदि संचालन बंद होता है तो उन्हें काम से वंचित होना पड़ेगा. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन और मरीजों की निगाहें अब विभागीय निर्णय पर टिकी हैं. यदि गुरुवार से सेवाएं बंद होती हैं तो इमरजेंसी जांच के लिए अस्पताल के पास तत्काल कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Om prakash rawani

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >