धनबाद में अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, 114 जगहों पर लगेंगे 346 CCTV कैमरे, CCR से होगी 24 घंटे निगरानी

धनबाद में अपराध रोकने के लिए पुलिस 114 स्थानों पर 346 सीसीटीवी कैमरे लगायेगी. इससे 24 घंटे निगरानी होगी और नंबर प्लेट से चेहरे तक पर पुलिस की नजर रहेगी.

धनबाद में अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को लेकर पुलिस निगरानी तंत्र को और मजबूत करने जा रही है. शहर और आसपास के महत्वपूर्ण इलाकों में 114 स्थानों पर 346 सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे.

इन कैमरों की लाइव निगरानी कोर्ट मोड़ स्थित क्राइम कंट्रोल रूम (CCR) से की जायेगी. योजना लागू होने के बाद प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और संवेदनशील इलाकों की गतिविधियों पर पुलिस की 24 घंटे नजर रहेगी.

क्राइम कंट्रोल रूम धनबाद

तीन शिफ्ट में होगी लाइव निगरानी

सीसीआर में कैमरों की लाइव निगरानी के लिए दो दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की जायेगी. तीन शिफ्ट में कर्मी ड्यूटी करेंगे. किसी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या दुर्घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना और गश्ती दल को तत्काल अलर्ट किया जा सकेगा. सीसीआर को सिटी हॉक्स और पेट्रोलिंग सिस्टम से भी जोड़ा जायेगा. इससे घटनास्थल पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज करने में मदद मिलेगी.

नंबर प्लेट से चेहरे तक पर रहेगी नजर

नयी व्यवस्था में पीटीजेड (पैन-टिल्ट-ज़ूम) समेत हाइ-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाये जायेंगे. पुलिस के अनुसार, अत्याधुनिक कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ने और संदिग्ध व्यक्तियों की स्पष्ट तस्वीर रिकॉर्ड करने में सक्षम होंगे. इससे चोरी, लूट, छिनतई, सड़क अपराध समेत अन्य वारदातों की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

घटना के बाद संबंधित मार्ग का फुटेज खंगाला जायेगा

किसी घटना के बाद पुलिस संबंधित मार्ग के कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की गतिविधियों का पता लगा सकेगी. इससे अपराधियों के आने-जाने के रास्ते को ट्रैक करने और जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.

दो चरणों में पूरा होगा काम

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 346 कैमरों की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है. कैमरे लगाने का काम दो चरणों में पूरा किया जायेगा. योजना में वायर और वायरलेस, दोनों तरह के कैमरे शामिल होंगे. स्थानों का चयन इस तरह किया जायेगा कि शहर के महत्वपूर्ण हिस्सों और संवेदनशील क्षेत्रों को अधिकतम निगरानी कवरेज मिल सके.

60 प्रतिशत कैमरे लंबे समय से हैं खराब

धनबाद में पहले से 28 स्थानों पर 116 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे. इनमें करीब 60 प्रतिशत कैमरे लंबे समय से खराब हैं. फिलहाल रणधीर वर्मा चौक, सिटी सेंटर, बस स्टैंड और श्रमिक चौक के कैमरे अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से काम कर रहे हैं. अन्य स्थानों पर कैमरों के खराब रहने से आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस को फुटेज जुटाने में परेशानी होती रही है.

पुलिस की कार्रवाई को मिलेगी रफ्तार : एसएसपी

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि 114 स्थानों पर 346 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इससे आपराधिक गतिविधियों के साथ शहर की गतिविधियों की निगरानी में आसानी होगी और पुलिस की कार्रवाई को गति मिलेगी.

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार

क्या होगा इफेक्ट ?

नयी व्यवस्था लागू होने के बाद धनबाद में निगरानी का नेटवर्क पुराने कैमरों की सीमाओं से बाहर निकलकर एक केंद्रीकृत और चौबीसों घंटे सक्रिय सिस्टम में बदलने की दिशा में बढ़ेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj ambasta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >