शहर में रसोई गैस की आपूर्ति अब भी पटरी पर नहीं लौट सकी है. गैस एजेंसियों के काउंटरों पर रोज भारी भीड़ उमड़ रही है. लंबी कतारों के बीच आपाधापी की स्थिति बनी रहती है. स्थिति संभालने के लिए पुलिस की गश्ती दल को मॉनिटरिंग करनी पड़ रही है.
गैस सिलिंडर की आपूर्ति मांग के मुकाबले काफी कम
इधर गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कंपनियों से गैस सिलिंडर की आपूर्ति मांग के मुकाबले काफी कम हो रही है. ऐसे में बैकलॉग तेजी से बढ़ता जा रहा है. उपभोक्ताओं को बुकिंग कराने के बाद भी 10 से 15 दिन तक सिलिंडर का इंतजार करना पड़ रहा है. सीमित आपूर्ति के चलते तुरंत डिलीवरी संभव नहीं हो पा रही है. वहीं उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन के बाद ही बुकिंग व डिलीवरी का प्रावधान लागू कर दिया गया है. इससे जिले के करीब दो लाख उज्ज्वला उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गयी है.
24 घंटे में मिल रहा बुकिंग मैसेज
तकनीकी गड़बड़ी के बाद अब गैस कंपनियों के सर्वर ठीक हो गये हैं. बुकिंग के 24 घंटे के भीतर उपभोक्ताओं को कंफर्मेशन मैसेज मिलने लगा है.
कॅमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति जल्द
कॅमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए राहत की उम्मीद जगी है. कंपनियों ने एजेंसियों को मेल भेजकर जल्द कॅमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति शुरू करने की जानकारी दी है. इससे होटल व रेस्टोरेंट कारोबारियों को राहत मिलेगी.
सिर्फ ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था
फिलहाल मैनुअल बुकिंग बंद है. उपभोक्ताओं को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही सिलिंडर बुक करना पड़ रहा है. एजेंसियों का कहना है कि जब तक आपूर्ति नहीं बढ़ेगी, बैकलॉग खत्म होना मुश्किल है. डिलीवरी के समय डीएससी नंबर देना अनिवार्य है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.