Dhanbad News: ग्रामीणों के विरोध के बीच पेटिया में एसटीपी का निर्माण शुरू, इलाका छावनी में तब्दील

Dhanbad News: दो घंटे तक प्रदर्शनकारियों और पुलिस ने हुई नोकझोंक

Dhanbad News: पुटकी अंचल अंतर्गत पेटिया में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ शुरू कर दिया गया. हालांकि ग्रामीणों ने एसटीपी निर्माण का विरोध किया. लेकिन प्रशासन द्वारा निर्माण स्थल की घेराबंदी कर काम शुरू कराया गया. इससे पूर्व नौ मई, 30 मई और 13 जून 2025 को कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया था, लेकिन ग्रामीणों के भारी विरोध के कारण काम रोकना पड़ा था. इधर, शनिवार को ‘शहर का कचरा गांव में क्यों’ लिखी तख्तियां हाथों में लेकर पहुंची पेटिया की महिलाओं का विरोध पुलिस सख्ती के आगे बेअसर रहा. महिलाओं के विरोध को देखते हुए प्रशासन महिला पुलिस बल की तैनात की गयी थी. महिलाओं को कार्यस्थल से करीब 300 मीटर दूर ही रोक दिया गया. इस दौरान करीब दो घंटे तक महिला प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक होती रही. पुलिस की सख्ती के कारण प्रदर्शनकारी निर्माण स्थल तक नहीं पहुंच पाये. इलाके में ड्रोन से निगरानी की जा रही थी.

542 करोड़ से पांच एसटीपी का होना है निर्माण

नगर निगम द्वारा जुडको कंपनी को करीब 542 करोड़ रुपये की लागत से पांच एसटीपी निर्माण का टेंडर दिया गया है. शनिवार की सुबह छह बजे से ही सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, एग्यारकुंड की बीडीओ मधु कुमारी सहित तीन दंडाधिकारी, पुटकी सीओ विकास आनंद, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार, दर्जनभर थाना व ओपी प्रभारी समेत जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल, आंसू गैस से लैस जवान, एंबुलेंस और अग्निशमन दस्ता मौके पर तैनात रहा. एसडीएम लगातार अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते रहे. तीन जेसीबी और 100 से अधिक मजदूरों को जमीन समतलीकरण और पिलर गाड़ने में लगाया गया है. मौके पर पुटकी इंस्पेक्टर वकार हुसैन, केंदुआडीह इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय, सर्किल इंस्पेक्टर जेपी महतो, भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज कुमार, मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी, गोंदुडीह ओपी के राजन झा, निरंजन कुमार, नूतन मोदी सहित कई थाना व ओपी प्रभारी तथा पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

विधायक जयराम ने दी आंदोलन की चेतावनी

इधर जेएलकेएम के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने पेटिया की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस ईस्ट इंडिया कंपनी की तर्ज पर लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रही है. उन्होंने इसके विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Om prakash rawani

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >