Dhanbad News: अनाज बाहर ले जाने का विरोध, ग्रामीणों व दुकान संचालक में नोकझोंक

Dhanbad News: खरखरी के जविप्र दुकान में राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप, हंगामा

Dhanbad News: प्रतिनिधि, फुलारीटांड़. खरखरी बाजार स्थित जन वितरण प्रणाली दुकान में शनिवार को राशन वितरण में कथित गड़बड़ी को लेकर कार्डधारी ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. दुकान के पास वाहन में चावल लोड किये जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसका विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया. इस दौरान ग्रामीणों और दुकान संचालक के बीच तीखी नोकझोंक तथा हल्की हाथापाई भी हुई. ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान संचालक चुपके से दुकान का चावल वाहन में लोड कर बाहर ले जा रहा था. इसकी भनक लगते ही कार्डधारी मौके पर पहुंच गये और अनाज ले जाने का विरोध करने लगे. ग्रामीणों का बढ़ता आक्रोश देख संचालक ने वाहन में लोड किया जा रहा चावल वापस दुकान में रखवा दिया और दुकान में ताला लगाकर वहां से निकल गया.

जनवरी व फरवरी माह का राशन नहीं मिला :

कार्डधारियों का कहना है कि इस दुकान से लगभग 180 लाभुक जुड़े हुए हैं, लेकिन उन्हें जनवरी व फरवरी माह का राशन अब तक नहीं मिला है. ग्रामीणों का आरोप है कि जनवरी माह में कई लाभुकों से बायोमीट्रिक मशीन पर अंगूठा का निशान भी लिया गया, लेकिन उसके बावजूद राशन का वितरण नहीं किया गया, जिससे अनाज की कालाबाजारी की आशंका जतायी जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि जब भी राशन आता है. दुकान संचालक एक-दो दिन ही राशन वितरण करता है और फिर दुकान बंद कर देता है. इस कारण कई कार्डधारियों को अंगूठा लगाने के बाद भी राशन नहीं मिल पाता और उन्हें बार-बार चक्कर लगाना पड़ता है. वहीं इस संबंध में जविप्र संचालक का कहना है कि कार्डधारियों की लिखित शिकायत के बाद बाघमारा बीडीओ द्वारा जांच की गई थी. इसके बाद दुकान को निलंबित कर दिया गया.

जांच में दुकान में मिली थी गड़बड़ी, चल रही निलंबन की प्रक्रिया

दुकान के संचालक विश्वजीत पासवान के अनुसार जांच के दौरान जनवरी माह के राशन में 27 क्विंटल 14 किलोग्राम अनाज की कमी पायी गयी थी. इसलिए दुकान के अनाज को दूसरे जविप्र दुकान में स्थानांतरित किया जाना था. हालांकि ग्रामीणों का सवाल है कि जब दुकान निलंबित है और मौके पर कोई प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद नहीं था, तो आखिर दुकान से अनाज वाहन में कैसे लोड किया जा रहा था और दुकान में वर्तमान में कितना स्टॉक मौजूद है.

क्या कहते हैं एमओ :

इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रघुवंश भारती ने बताया कि खरखरी के जन वितरण प्रणाली दुकान केसं चालक विश्वजीत पासवान के खिलाफ जांच के दौरान अनियमितताएं पायी गयी हैं. जांच के आधार पर दुकान को निलंबित करने की अनुशंसा करते हुए नौ मार्च 2026 को जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है. उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देशानुसार की जायेगी. साथ ही कार्डधारियों को परेशानी न हो, इसके लिए उक्त दुकान को समीप के एक अन्य जविप्र दुकान से टैग करने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि लाभुकों को समय पर राशन मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Manoj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >