प्रतिनिधि, फुसरो: सीसीएल बीएंडके एरिया के करगली ऑफिसर्स क्लब में शनिवार को द्विपक्षीय खान सुरक्षा समिति की बैठक महाप्रबंधक संजय कुमार झा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सुरक्षित कोयला उत्पादन के साथ मजदूरों को कार्य में संसाधन उपलब्ध करवाने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गयी. जीएम श्री झा ने कहा कि कोयला उत्पादन जितना जरूरी है, उससे ज्यादा जरूरी मजदूरों की सुरक्षा है. मजदूर सुरक्षित वातावरण में ही कोयला उत्पादन करें. उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन के लिए मजदूरों को जो भी संसाधन व सुविधा की जरूरत पड़ेगी, उसे प्रबंधन हर संभव मुहैया करायेगा. उन्होंने कहा कि सीसीएल मुख्यालय से मिले उत्पादन लक्ष्य को टीम वर्क के साथ प्राप्त करना है, जिसमें हर किसी के सहयोग की जरूरत है. कहा कि बीते वर्ष एरिया ने बेहतर उत्पादन करते हुए कीर्तिमान स्थापित किया है. मजदूर हर दिन को मार्च महीने का अंतिम दिन समझ कर कोयला उत्पादन करें तो एरिया समय से पूर्व लक्ष्य से अधिक कोयला उत्पादन करेगी. जीएम श्री झा ने कहा कि काम के दौरान कोई भी मजदूर मोबाइल का उपयोग नहीं करें, छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बनता है.
खदान में पर्याप्त लाइट नहीं, समय पर मिले सुरक्षा सामग्री : ट्रेड यूनियन नेताओं ने प्रबंधन को परियोजना एवं मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि मजदूर दिन रात मेहनत कर उत्पादन को बढ़ाने का काम कर रहे हैं. लेकिन प्रबंधन मजदूरों को संसाधन उपलब्ध कराने में कटौती कर रहा है. कहा कि मजदूरों को समय पर सुरक्षा सामग्री उपलब्ध करायी जाये. खदान में पर्याप्त लाइट की व्यवस्था नहीं है. पेयजल, शौचालय की सुविधा मिले. कहा कि खदान में चलने वाले वाहनों का समय पर मेंटेनेंस किया जाये. हॉलरोड की नियमित साफ-सफाई हो. यूनियन नेताओं ने परियोजनाओं से आये दिन होने वाले कोयला चोरी पर रोक लगाने की भी मांग की. संचालन क्षेत्रीय सेफ्टी ऑफिसर भविष्य भारती एवं धन्यवाद ज्ञापन एलएंडआर के शंकर झा ने किया.
कौन-कौन थे उपस्थित?
मौके पर खासमहल पीओ सुमेधा नंदन, कारो पीओ सुधीर कुमार सिन्हा, बोकारो करगली पीओ पार्थो शंकर देव, एरिया सेल ऑफिसर भीएन पांडेय, एसओइएंडएम जयशंकर प्रसाद, एसओसी मनोज कुमार साह, एरिया सुरक्षा पदाधिकारी पीएन सिंह, एसओएक्स मनोज कुमार, एएमओ डॉ केपी साही, मैनेजर चिंतामणी मांझी, यूनियन नेता सुशील सिंह, मनोज पाठक, आभाष चंद्र गांगुली, विनय पाठक, डीपी मौर्य, राम निहोरा सिंह, सुरेश शर्मा आदि मौजूद थे.
