फर्जी प्रमाणपत्र मामले में थाने में हंगामा, विधायक-मुखिया समर्थक भिड़े

बरवाअड्डा थाने में फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र बनाने का मामला गरमाया. विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में फर्जी हस्ताक्षर कर जाति प्रमाणपत्र और वंशावली बनाये जाने के मामले को लेकर शुक्रवार की रात थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान विधायक जयराम महतो के समर्थकों और मुखिया समर्थकों के बीच मारपीट होने की बात सामने आयी है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र बनाने का आरोप

जानकारी के अनुसार, बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा ने गांव के ही गणेश दास पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर जाति प्रमाणपत्र और वंशावली बनाये जाने का आरोप लगाया था. इस मामले में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 129/24 दर्ज है. गणेश दास जेएलकेएम के एसी मोर्चा के सचिव बताये जाते हैं.

पुलिस से उलझने पर दर्ज हुआ दूसरा केस

बताया गया कि पुलिस इसी मामले में गणेश दास को नोटिस देने पहुंची थी. इस दौरान वह पुलिसकर्मियों से उलझ गया. इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर आयी. पुलिस के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया.

विधायक पर आरोपी को छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप

आरोप है कि गणेश दास को थाना से छोड़ने के लिए विधायक जयराम महतो ने थाना प्रभारी रवि कुमार को फोन किया. थाना प्रभारी द्वारा आरोपी को छोड़ने से इनकार किये जाने के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार की रात बरवाअड्डा थाना पहुंचे.

कुछ देर बाद मुखिया यशोदा के समर्थक भी थाना पहुंच गये. इसी दौरान थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गयी.

पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

घटना के बाद विधायक जयराम महतो ने पुलिस पर गिरफ्तार युवक गणेश दास के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया. हालांकि, इस संबंध में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है. पूरे मामले में पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Hiralal pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >