Dhanbad News: शहरवासियों ने दिया नशा मुक्त धनबाद का संदेश
Dhanbad News: संवाददाता, धनबाद. जिला प्रशासन द्वारा शनिवार की सुबह लुबी सर्कुलर रोड पर आयोजित ‘हैप्पी स्ट्रीट’ कार्यक्रम को शहरवासियों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. सुबह छह बजे शुरू हैप्पी स्ट्रीट में साइकिलिंग, स्केटिंग, शूटिंग सहित कई तरह स्वास्थ्य समेत मनोरंजक गतिविधियों में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उत्साह से भाग लिया. लोगों ने हेल्थ ड्रिंक, पौष्टिक व्यंजन का आनंद उठाया. साथ ही शहरवासियों ने नशा मुक्त धनबाद का संकल्प लिया. हैप्पी स्ट्रीट पर चार घंटे तक उत्सव का माहौल रहा.
स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का दिया संदेश :
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार सहित अन्य अधिकारियों ने लुबी सर्कुलर रोड से पूजा टॉकीज, डीआरएम चौक, कोर्ट रोड और रणधीर वर्मा चौक तक साइकिलिंग कर लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया. अधिकारियों ने नागरिकों से नशा छोड़ कर स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने की अपील की.
हर उम्र के लोगों ने लिया एक्टिविटी का आनंद :
हैप्पी स्ट्रीट में नशा मुक्ति केंद्र, स्केटिंग, राइफल शूटिंग, आर्चरी, योगा, बास्केटबॉल डंक, लाइव बैंड, ह्यूमन लूडो, डार्ट गेम, ओपन क्विज, कविता-शायरी, पेंटिंग प्रतियोगिता और “पेंट माय सिटी” जैसी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं. इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, सड़क सुरक्षा जागरूकता, पारंपरिक नृत्य और फूड स्टॉल ने भी लोगों को खूब लुभाया.
रक्तदान, हेल्थ कैंप और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र :
कला भवन में स्वास्थ्य विभाग और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में उपायुक्त, एसएसपी, ग्रामीण एसपी और नगर आयुक्त सहित कुल 15 लोगों ने रक्तदान किया. हेल्थ चेकअप कैंप और नशा मुक्ति संबंधी जानकारी भी लोगों को दी गयी. उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान न केवल जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक पहल है. उन्होंने चेतावनी दी कि आगे नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी और कोटपा अधिनियम का कड़ाई से पालन कराया जायेगा. वहीं एसएसपी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की.
भालू बना इंसान रहा आकर्षण का केंद्र :
कार्यक्रम में भालू बना इंसान लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा. बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने भालू के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. भालू को लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह दिखा.
डीसी-एसएसपी ने आजमाया तीरंदाजी में हाथ :
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त व एसएसपी ने तीरंदाजी में हाथ आजमाया. उन्होंने निशाना साधकर युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया. अधिकारियों ने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक रूप से फिट रखती हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाती हैं, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ना चाहिए. इस दौरान अन्य अधिकारियों ने बास्केट में बॉल डालने के खेल का भी आनंद लिया.
अधिकारियों ने मिट्टी से बनाये दीये व मूर्तियां :
कार्यक्रम में अधिकारियों ने मिट्टी के दीये व मूर्तियां बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय कला और कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया. गतिविधि ने लोगों, खासकर बच्चों को काफी आकर्षित किया और पारंपरिक कला के प्रति रुचि बढ़ाने का काम किया. इस दौरान एसएसपी प्रभात कुमार की पत्नी व उनके बेटे ने भी दीये बनाये.
ये थे मौजूद :
निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, डीइओ अभिषेक झा, डीएसडब्ल्यूओ स्नेह कश्यप, डीपीओ सुनील कुमार सिंह, सीएस डॉ आलोक विश्वकर्मा, डीएसपी(ट्रैफिक) अरविंद कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, डीएसओ उमेश लोहरा, फूड सेफ्टी ऑफिसर राजा कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा, कार्यपालक दंडाधिकारी रवींद्रनाथ ठाकुर, बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी, डीपीएम प्रतिमा कुमारी आदि मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.