धनबाद. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी हस्ताक्षर व मुहर से जाति, आवासीय और वंशावली प्रमाणपत्र बनाये जाने के मामले में आरोपी गणेश दास की पैरवी करने पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों के साथ थाना परिसर में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने शनिवार को दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की. एक पक्ष की ओर से विधायक समेत अन्य के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वहीं, विधायक के आवेदन पर सांसद प्रतिनिधि समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट व छिनतई का केस दर्ज हुआ है. पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोपी गणेश दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मुखिया पुत्र के आवेदन पर विधायक समेत अन्य पर केस
मुखिया के पुत्र प्रदीप कुमार रजक के आवेदन पर बरवाअड्डा थाना में विधायक जयराम महतो, दिलीप चौधरी (बड़ापिछरी), सुशील मंडल (कोलाकुसमा) समेत अन्य के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.
विधायक के आवेदन पर सांसद प्रतिनिधि समेत छह नामजद
इधर, विधायक जयराम महतो के आवेदन पर सांसद प्रतिनिधि परमेश्वर उर्फ प्रेम महतो, प्रदीप रजक, तारकेश्वर रजक, आशुतोष रजक, भीखु रजक और दिनेश रजक समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व छिनतई का मामला दर्ज किया गया है. विधायक ने अपने आवेदन में कहा है कि वह गणेश दास के संबंध में जानकारी लेने बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे.
थाना प्रभारी से बातचीत के दौरान हमले का आरोप
विधायक के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि गणेश दास के साथ मारपीट की गयी है. वह थाना प्रभारी रवि कुमार से इसी संबंध में बातचीत कर रहे थे, तभी नामजद लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कहते हुए उन पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे सुशील मंडल के साथ भी मारपीट की गयी. विधायक ने प्रेम महतो समेत अन्य पर सुशील मंडल के गले से दो लाख रुपये से अधिक कीमत की चेन छीनने का आरोप लगाया है. पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाये गये आरोपों की जांच कर रही है.
शुक्रवार रात थाना परिसर में बढ़ा था विवाद
मामले में शुक्रवार रात बरवाअड्डा थाना परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये थे. बताया जाता है कि फर्जी प्रमाणपत्र मामले में पुलिस गणेश दास को नोटिस देने पहुंची थी. इसके बाद उसे थाना लाया गया. इसी दौरान गणेश दास की पैरवी को लेकर विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे. कुछ देर बाद मुखिया पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गये. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र बनाने का है आरोप
पूरा मामला बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर के इस्तेमाल से जाति, आवासीय प्रमाणपत्र व वंशावली तैयार किये जाने के आरोप से जुड़ा है. मुखिया ने गांव के ही गणेश दास पर फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था. इस संबंध में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 129/24 दर्ज है. गणेश दास जेएलकेएम के एसी मोर्चा के सचिव बताये जाते हैं. पुलिस ने इसी मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
