कैब सर्विस की तर्ज पर जीवनदूत एप से होगी 108 एंबुलेंस की बुकिंग

108 एंबुलेंस का संचालन करने वाली एजेंसी इएमआरआइ ग्रीन ने लांच किया जीवनदूत एप

वरीय संवाददाता, धनबाद.

कैब सर्विस की तर्ज पर जीवनदूत एप के जरिए अब 108 एंबुलेंस की बुकिंग होगी. 108 एंबुलेंस का संचालन करने वाली एजेंसी इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेस ने इस सेवा के लिए जीवनदूत एप लांच किया है. धनबाद में ऑनलाइन 108 एंबुलेंस बुकिंग सेवा का ट्रायल शुरू किया गया है. इस एप के जरिए एक क्लिक पर एंबुलेंस सेवा आपके दरवाजे पर होगी. इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आपको एंड्राइड मोबाइल पर जीवनदूत एप को डाउनलोड करना होगा. कुछ आसान नियमों का पालन कर कैब की तर्ज पर नि:शुल्क ऑनलाइन 108 एंबुलेंस सेवा का लाभ ले सकते हैं.

ट्रैक कर सकते हैं एंबुलेंस की लोकेशन :

एंबुलेंस में रियल टाइम एक्सेस से आपको इसका सटीक लोकेशन मिलेगा. एप बेस्ड एंबुलेंस सर्विस के तहत सभी एंबुलेंस को जीपीएस और जीपीआरएस से लिंक किया गया है. एप में मोबाइल नंबर डालने पर ओटीपी आएगा. इसे डालते ही संबंधित नंबर एप में रजिस्टर्ड हो जायेगा. जीपीएस की मदद से आपका लोकेशन शेयर हो जायेगा. इसके जरिए एंबुलेंस का इंतजार कर रहे मरीजों को उसके आने के टाइम की सही जानकारी मिल सकेगी.

ऐसे काम करेगा 108 एंबुलेंस सर्विस :

जीवनदूत एप को एंड्रॉयड मोबाइल में प्ले स्टोर से इंस्टाॅल करना होगा. इसके बाद अपना लोकेशन डालने के बाद एंबुलेंस की बुकिंग की जा सकेगी. वहीं, एंबुलेंस को ट्रैक भी किया जा सकेगा कि वह कहां तक पहुंचा है. 108 पर कॉल कर उसे बुलाने की फैसिलिटी भी पूर्व की तरह जारी रहेगी.

जिले में 35 एंबुलेंस का हो रहा संचालन :

बता दें कि जिले में इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेस की ओर से 35 एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है. इनमें से चार एडवांस लाइफ स्पोर्ट (एएलएस), 30 बेसिक लाइफ स्पोर्ट (बीएलएस) व एक नियोनेटल एंबुलेंस शामिल है. रोज औसतन 80 से ज्यादा मरीजों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जाता है. वहीं मेडिकल कॉलेज, धनबाद से रिम्स रांची रेफर किये गये लगभग एक दर्जन मरीजों को ले जाया जाता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >