बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड काशीटांड़ के पास सोमवार की रात लगभग 10:30 बजे बाइक (जेएच 10 सीआर 3134) को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में बाइक पर सवार दंपती व एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गये. बरवाअड्डा पुलिस ने तीनों को एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया. जहां डाक्टरों ने महिला व पुरुष को मृत घोषित कर दिया. वहीं बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर आ रहे थे सभी
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर आ रहे थे. इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को धक्का मार दिया. हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गये. पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है. मृतकों की पहचान बगदाहा राजगंज निवासी राजकुमार महतो व उनकी पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है. राजकुमार महतो राजमिस्त्री का काम करता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
