Dhanbad News: एक माह में किराया दें, अन्यथा दुकान खाली करें : उपायुक्त

रणधीर वर्मा चौक स्थित कृषक बाजार की दुकानों को लेकर डीसी ने की बैठक

रणधीर वर्मा चौक के पास स्थित कृषक बाजार की दुकानों का वर्षों से बकाया किराये का भुगतान दुकानदार एक माह में करें, अन्यथा दुकान खाली कर दें. वहीं जल्द ही दुकानों के किराये की दर रिवाइज की जायेगी. यह निर्णय सोमवार को उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया. बैठक में कृषि बाजार के पणन सचिव विपुल कुमार सिंह ने बताया कि बाजार समिति ने 2006 में रणधीर वर्मा चौक से लिंडसे क्लब की ओर जाने वाले मेन रोड पर 25 दुकान एवं दुकान के पीछे 63 शेड बनवाये थे. 2019 में किराये की राशि रिवाइज हुई थी. दुकानों का मासिक किराया 800 रुपये है. कुछ दुकानदारों ने अपने नाम दुकान आवंटन कराकर उसे सब-लीज कर दिया है, इसमें अधिकतर दुकानदारों ने वर्षों से किराया भी नहीं दिया है. बकायेदारों को नोटिस जारी करने के बाद भी किराया नहीं मिलने से विभाग को राजस्व की क्षति हो रही है. ऐसे में बैठक में किराया बाकी रखने वाले दुकानदारों से एक माह में किराया वसूलने या दुकान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया. बैठक उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, कृषि बाजार के पणन सचिव विपुल कुमार सिंह, अंचल अधिकारी धनबाद राम प्रवेश, कार्यपालक दंडाधिकारी रवींद्र नाथ ठाकुर, आइटी मैनेजर रूपेश कुमार मिश्रा, प्रशांत कुमार उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >