Dhanbad News: बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सीमा पर हाई अलर्ट, एसएसपी ने किया दौरा

एसएसपी ने पांच प्रमुख चेकपोस्ट का किया निरीक्षण. वाहनों व आने-जाने वालों की सघन जांच के निर्देश.

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. इस क्रम में बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने धनबाद जिले से सटे पश्चिम बंगाल के बॉर्डर क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान एसएसपी ने मैथन डैम कल्याणेश्वरी चेकपोस्ट, मैथन टोल चेकपोस्ट, चिरकुंडा चेकपोस्ट, पंचेत चेकपोस्ट और बलियापुर चेकपोस्ट का दौरा किया. इस दौरान उनके साथ ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला, अंचल पुलिस निरीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद थे.

सुरक्षा इंतजामों की हुई समीक्षा

चेक पोस्ट के निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर और निर्देश दिया कि सीमा से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करें. हर वाहन के साथ उसमें सवार व्यक्तियों की भी तलाशी ली जाये और उनकी पहचान का सत्यापन किया जाये. सभी वाहनों के नंबर रजिस्टर में दर्ज करने के भी निर्देश दिये, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके.

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे सभी संवेदनशील स्थानों पर स्थायी चेकपोस्ट स्थापित किये गये हैं. इन चेक पोस्ट पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. उन्होंने बंगाल में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक चेक पोस्ट पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिये हैं. इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की गश्त तेज कर दी गयी. पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ नदी मार्गों पर भी नजर रखने के लिए नाव से पेट्रोलिंग करने को कहा है. उन्होंने साफ कहा है कि चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी वस्तु जैसे शराब, नकदी या अन्य संदिग्ध सामग्री को किसी भी हाल में पश्चिम बंगाल की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

ASHOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >