बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल को जान का खतरा होने की शिकायत मामले में जांच तेज हो गयी है. सरायढेला पुलिस ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन बीसीसीएल के बरोरा एरिया के जीएम केके सिंह और सीनियर फाइनेंस ऑफिसर सह एचओडी-पे पंकज कुमार को थाना बुलाकर पूछताछ की.
सूत्रों के अनुसार, दोनों अधिकारियों से शुक्रवार से ही पूछताछ की जा रही है. पुलिस धमकी से जुड़े घटनाक्रम, संभावित आरोपियों और मामले की कड़ियों की जानकारी जुटा रही है.
ऑटो में सुनी थी सीएमडी की हत्या की बात
सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच उस सूचना के बाद आगे बढ़ी, जिसमें बरोरा जीएम केके सिंह के पीएसओ ने कथित तौर पर ऑटो में कुछ लोगों को बीसीसीएल के सीएमडी की हत्या की बात करते हुए सुना था. पीएसओ को बातचीत संदिग्ध लगी और उसने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी. इसके बाद सीएमडी की सुरक्षा को लेकर मामला गंभीर हो गया.
जांच हो रही - ऑटो में बात करने वाले कौन थे
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ऑटो में कथित तौर पर सीएमडी की हत्या की बात करने वाले लोग कौन थे. उनके बीच किस संदर्भ में यह बातचीत हुई और क्या इसका सीएमडी को मिली धमकी की आशंका से कोई संबंध है, इसकी भी जांच की जा रही है.
पंकज कुमार का मोबाइल जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने सीनियर फाइनेंस ऑफिसर पंकज कुमार का मोबाइल फोन भी जब्त किया है. सूत्रों के अनुसार, मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी है. पुलिस मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से मामले से जुड़ी संभावित कड़ियों को खंगाल रही है.
जांच से सामने आये तथ्य की अब तक पुष्टि नहीं
हालांकि, पुलिस की ओर से अधिकारियों से पूछताछ के कारण और जांच में सामने आये तथ्यों के संबंध में अब तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है. फोरेंसिक जांच और पूछताछ के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
13 अगस्त को हाइकोर्ट से मांगी थी सुरक्षा
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने 13 अगस्त को हाइकोर्ट में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगायी थी. उन्होंने कोयला माफिया से जान का खतरा होने की आशंका जतायी थी. इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गयी. सीएमडी की ओर से जान के खतरे की आशंका जताये जाने के बाद पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
