BBMKU में PG एडमिशन का बड़ा फैसला, 5 सेल्फ फाइनेंस कोर्स बंद; 2340 सीटों पर होगा नामांकन

बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) ने पीजी सत्र 2026-28 के नामांकन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. कुल 2340 सीटों पर 23 विषयों में नामांकन होगा, जबकि 5 सेल्फ-फाइनेंस कोर्स बंद रहेंगे. नामांकन प्रक्रिया सितंबर के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है.

धनबाद. बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) ने पीजी सत्र 2026-28 के नामांकन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. विश्वविद्यालय में इस वर्ष 23 विषयों की कुल 2340 सीटों पर नामांकन लिया जायेगा. वहीं, पांच सेल्फ फाइनेंस पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश नहीं होगा. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार मास कम्युनिकेशन, फॉरेन लैंग्वेज, कंप्यूटर साइंस, लाइफ साइंस और मैनेजमेंट स्टडीज में इस सत्र नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं की जायेगी.

चार स्वीकृत विषयों में नहीं शुरू होगी पढ़ाई

राज्य सरकार ने बीबीएमकेयू में 27 नियमित पीजी विषयों के लिए कुल 2580 सीटें स्वीकृत की हैं. हालांकि खोरठा, कुरमाली, संथाली और लाइब्रेरी साइंस विषयों में शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण इस सत्र से पढ़ाई शुरू नहीं हो सकेगी. विश्वविद्यालय के अनुसार इन चारों विषयों में फिलहाल एक भी शिक्षक कार्यरत नहीं है. ऐसे में 27 की जगह 23 विषयों में ही नामांकन लिया जायेगा.

ये भी पढ़ें: DAV स्कूल में 25 लाख के कथित गबन का मामला, निलंबित शिक्षक सेवा से मुक्त; आपराधिक केस की तैयारी

विषयवार सीटों का निर्धारण

विश्वविद्यालय की सीट संरचना के अनुसार भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और सांख्यिकी में 120-120 सीटें निर्धारित हैं. वनस्पति विज्ञान, प्राणिविज्ञान, भू-विज्ञान, भूगोल, इतिहास, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, हिंदी, संस्कृत, बांग्ला, क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स (म्यूजिक) तथा होम साइंस में 60-60 सीटें हैं. पर्यावरण विज्ञान एवं सस्टेनेबिलिटी में 120 सीटें निर्धारित की गयी हैं. राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, अंग्रेजी, उर्दू और अर्थशास्त्र में 180-180 सीटें उपलब्ध होंगी, जबकि कॉमर्स में 120 सीटों पर नामांकन लिया जायेगा.

सेल्फ फाइनेंस कोर्स में प्रवेश पर रोक क्यों

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार की स्वीकृत सूची में सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रम शामिल नहीं हैं. इन पाठ्यक्रमों की फीस, सीट संख्या और संचालन संबंधी व्यवस्था पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है. इसी कारण इस सत्र में इन कोर्सों में नामांकन नहीं लेने का फैसला किया गया है.

एनईपी के तहत एक और दो वर्षीय पीजी की व्यवस्था

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शुरू होने वाले एक वर्षीय और दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित नहीं की गयी हैं. मौजूदा सीट संरचना के भीतर ही दोनों प्रकार के पाठ्यक्रमों में प्रवेश होगा. चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थी एक वर्षीय पीजी, जबकि तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थी दो वर्षीय पीजी में प्रवेश ले सकेंगे.

सितंबर के अंत तक शुरू हो सकता है नामांकन

एडमिशन सेल ने पीजी पाठ्यक्रम संचालित करने के इच्छुक कॉलेजों से प्रस्ताव भी मांगे हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन यूजी सेमेस्टर-8 का परिणाम 20 सितंबर तक जारी करने की तैयारी में है. इसके बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह तक पीजी नामांकन प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

पहली बार शुरू होगी सांख्यिकी में पीजी पढ़ाई

बीबीएमकेयू में सत्र 2026-28 से पहली बार सांख्यिकी विषय में पीजी की पढ़ाई शुरू होगी. इसके लिए 120 सीटें स्वीकृत की गयी हैं. विभाग में एक प्रोफेसर, दो एसोसिएट प्रोफेसर और तीन असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कुल छह शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं. विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में एक नया विषय विकल्प उपलब्ध होगा.

ये भी पढ़ें: SNMMCH में फेको मशीन की खरीदारी का टेंडर रद्द, मोतियाबिंद मरीजों को करना होगा और इंतजार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुमार

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >