धनबाद. हिन्दी साहित्य के प्रतिष्ठित ‘बनारसी प्रसाद भोजपुरी सम्मान’ के लिए चार रचनाकारों के नाम की घोषणा कर दी गयी है. वर्ष 2024 के लिए कहानी के क्षेत्र में वंदना राग, वर्ष 2025 के लिए कविता में सविता सिंह, वर्ष 2026 के लिए कहानी में कमलेश तथा वर्ष 2027 के लिए कविता में अनवर शमीम को सम्मान देने का निर्णय लिया गया है. इनमें कमलेश और अनवर शमीम धनबाद के रचनाकार हैं.
धनबाद के लिए यह सम्मान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे पहले वर्ष 1992 में धनबाद के उपन्यासकार मनमोहन पाठक को यह सम्मान मिल चुका है.
मार्च 2027 में पटना में होगा सम्मान समारोह
सम्मान के लिए चयनित रचनाकारों का फैसला साहित्यकारों के निर्णायक मंडल ने किया. मंडल में प्रसिद्ध आलोचक डॉ. रविभूषण, प्रसिद्ध कवि मदन कश्यप, वरिष्ठ कथाकार हृषीकेश सुलभ, वरिष्ठ कवि रंजीत वर्मा तथा चर्चित कथाकार संतोष दीक्षित शामिल थे.
ये भी पढ़ें: झरिया बाजार में सड़कों की बदहाली से बढ़ी चिंता, त्योहारों से पहले जांच की उठी मांग
सम्मान समारोह मार्च 2027 में पटना में आयोजित किया जायेगा. समारोह की तिथि बाद में निर्धारित की जायेगी.
वर्ष 1989 से दिया जा रहा है सम्मान
‘बनारसी प्रसाद भोजपुरी सम्मान’ योजना आरा निवासी प्रेमचंदयुगीन साहित्यकार बनारसी प्रसाद भोजपुरी की स्मृति में वर्ष 1989 में शुरू की गयी थी. इसका उद्देश्य बिहार की संभावनाशील और महत्वपूर्ण रचनाशीलता को सम्मानित करना है.
सम्मान के तहत प्रत्येक वर्ष कविता या कहानी सहित निर्धारित साहित्यिक विधा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रचनाकार को सम्मानित किया जाता है.
मनमोहन पाठक समेत कई प्रमुख साहित्यकार हो चुके हैं सम्मानित
अब तक इस सम्मान से हिन्दी साहित्य के कई प्रमुख रचनाकार सम्मानित हो चुके हैं. वर्ष 1989 में पत्रकारिता के क्षेत्र में अनिल चमड़िया और वेद प्रकाश वाजपेयी को संयुक्त रूप से सम्मान दिया गया था.
इसके बाद कहानी और कविता के क्षेत्र में विजेंद्र अनिल, आलोक धन्वा, मनमोहन पाठक, मदन कश्यप, ज्ञानेन्द्रपति, चंद्रकिशोर जायसवाल, हृषीकेश सुलभ, निर्मला पुतुल, अनीता वर्मा, जयनंदन, गीताश्री, संजय कुंदन, पंकज मित्र, पूनम सिंह, विनय कुमार, अनामिका, रणेंद्र, रंजीत वर्मा, विनय सौरभ समेत अनेक रचनाकारों को सम्मानित किया जा चुका है.
ये भी पढ़ें: कैलेंडर की तस्वीर से शुरू हुई डिगवाडीह की गणेश पूजा, आज बन चुकी है कोयलांचल की बड़ी पहचान
वर्ष 2020 के लिए कहानी में रामदेव सिंह, 2021 में कविता के लिए अनिल विभाकर, 2022 में कहानी के लिए रतन वर्मा और 2023 में कविता के लिए विनय सौरभ को सम्मान प्रदान किया गया था.
सम्मान समिति के संयोजक अरविंद कुमार ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर चयनित रचनाकारों के नाम की जानकारी दी.
