Dhanbad News: बलियापुर के अजीत रवानी हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Dhanbad News: बलियापुर के अजीत रवानी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजा रजवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पूरी खबर नीचे पढ़ें…

Dhanbad News: धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के आमझर स्थित श्री एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश फैक्ट्री में नाइट गार्ड अजीत रवानी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के पोकलेन चालक राजकुमार उर्फ राजा रजवार को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

शराब पीने से रोकने पर हुआ था विवाद

सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बलियापुर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 7 जून की रात नाइट गार्ड अजीत रवानी और गाजन महतो श्री एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश फैक्ट्री में ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के पोकलेन चालक राजकुमार उर्फ राजा रजवार अपने कुछ साथियों के साथ फैक्ट्री परिसर में शराब पीने पहुंचे. ड्यूटी पर मौजूद दोनों नाइट गार्ड ने फैक्ट्री परिसर में शराब पीने से मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से दोनों नाइट गार्ड पर हमला कर दिया.

तीसरे दिन मिला था अजीत रवानी का शव

हमले में घायल गाजन महतो को अगले दिन फैक्ट्री के सुरक्षा प्रभारी ने इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया. वहीं अजीत रवानी का कोई पता नहीं चल सका. घटना के तीसरे दिन उनका शव रानी रोड से गोलमारा जाने वाली सड़क किनारे बरामद हुआ था. मृतक अजीत रवानी बलियापुर थाना क्षेत्र के कुसमाटांड़ स्थित नीमटांड़ गांव के निवासी थे.

पहले एक आरोपी जा चुका है जेल

पुलिस ने बताया कि मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद जांच के दौरान फैक्ट्री के एक कर्मचारी हराधन महतो को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. घटना के करीब एक महीने बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजा रजवार को भी गिरफ्तार कर लिया गया. वह मूल रूप से बिहार के गया जिले के नीमचक थाना क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र के डुमरा में रह रहा था.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसडीपीओ ने बताया कि अजीत रवानी हत्याकांड के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

लगातार छापेमारी के बाद मिली सफलता

पुलिस ने बताया कि सिंदरी इंस्पेक्टर नूतन मोदी और बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार छापेमारी कर मामले का खुलासा किया. कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारी महेश्वर महतो, शिव शंकर उरांव और अशोक कुमार की अहम भूमिका रही.

ये भी पढ़ें…

गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर, सांसद और विधायक के आरोपों से गरमाई सियासत

धनबाद में ई-रिक्शा चालकों में डर और नाराजगी, मोबाइल ऐप से गाड़ियां बंद करने का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amleshnandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >