बाघमारा प्रखंड के चालक मंजूर अंसारी को ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई बाघमारा के बीडीओ की रिपोर्ट के आधार पर हुई है. रिपोर्ट में चालक के लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने की बात कही गयी थी.
एसआइआर संबंधी काम में भी अनुपस्थित रहने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार एसआइआर, योजनाओं के निरीक्षण और विधि-व्यवस्था संबंधी कार्यों के लिए चालक को पहले से जानकारी दी गयी थी. इसके बावजूद वह निर्धारित ड्यूटी पर उपलब्ध नहीं रहते थे. सरकारी कार्यों के लिए वाहन उपलब्ध कराने और क्षेत्र भ्रमण में सहयोग की जिम्मेदारी होने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति से संबंधित कार्य प्रभावित होने की बात रिपोर्ट में कही गयी है.
ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन चलाने से जतायी असमर्थता
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीण रास्तों पर वाहन चलाने के संबंध में भी चालक की ओर से असमर्थता जताने का उल्लेख किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कमर दर्द का हवाला देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के रास्तों पर वाहन चलाने में असमर्थता व्यक्त की थी. इससे क्षेत्रीय निरीक्षण और अन्य सरकारी कार्यों के संचालन में परेशानी होने की बात सामने आयी.
तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवा
ईमामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने चालक मंजूर अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया. निलंबन के दौरान उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जायेगा. इस दौरान उनका मुख्यालय भी निर्धारित स्थान पर रहेगा. चालक के विरुद्ध की गयी कार्रवाई ड्यूटी में अनुपस्थिति, कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता से संबंधित रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
