फिटनेस प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होने के बावजूद रिकॉर्ड अपडेट नहीं कराने वाले जेम पोर्टल पर पंजीकृत 893 वाहनों पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है. विभाग ने इन वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है. कार्रवाई की सूची में धनबाद में पंजीकृत वाहनों के साथ दूसरे राज्यों में पंजीकृत, लेकिन धनबाद जिले में संचालित वाहन भी शामिल हैं. इन वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र की अवधि समाप्त हो चुकी थी, लेकिन इसकी जानकारी वाहन पोर्टल और जेम वाहन पोर्टल पर अपडेट नहीं करायी गयी थी.
893 वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र था समाप्त
विभागीय जांच में 893 ऐसे वाहन चिह्नित किये गये, जिनका फिटनेस प्रमाण पत्र वैध नहीं था. फिटनेस की अवधि समाप्त होने के बाद भी संबंधित वाहन मालिकों ने पोर्टल पर आवश्यक जानकारी अपडेट नहीं करायी. विभाग के अनुसार जेम पोर्टल पर पंजीकृत वाहनों के लिए वैध फिटनेस प्रमाण पत्र जरूरी है. निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर संबंधित वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया गया.
नोटिस देकर सात दिन का दिया था समय
ब्लैकलिस्ट करने से पहले परिवहन विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया था. नोटिस के माध्यम से सात दिनों के भीतर जिला परिवहन कार्यालय, धनबाद पहुंचने का निर्देश दिया गया था. वाहन मालिकों को मोटरयान निरीक्षक कार्यालय में ऑनलाइन स्लॉट बुक कर वाहन को फिटनेस निरीक्षण के लिए प्रस्तुत करने को कहा गया था.
निर्धारित समय सीमा में वाहन प्रस्तुत नहीं करने और जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करने के बाद विभाग ने कार्रवाई की.
बकाया टैक्स चुकाने के बाद ही मिलेगी सेवा
ब्लैकलिस्ट किये गये वाहनों के मालिकों को अब विभागीय सेवाओं का लाभ लेने से पहले निर्धारित बकाया टैक्स का भुगतान करना होगा. इसके बाद ही वाहन से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. इससे फिटनेस प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होने के बाद भी रिकॉर्ड अपडेट नहीं कराने वाले वाहन मालिकों पर आर्थिक और प्रशासनिक दबाव बढ़ गया है.
दूसरे राज्यों के वाहन भी सूची में
कार्रवाई की सूची में केवल धनबाद में पंजीकृत वाहन शामिल नहीं हैं. दूसरे राज्यों में पंजीकृत ऐसे वाहन भी कार्रवाई के दायरे में आये हैं, जो धनबाद जिले में संचालित हो रहे हैं और जेम पोर्टल पर पंजीकृत हैं. इससे संकेत मिलता है कि परिवहन विभाग जेम पोर्टल पर दर्ज वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और जरूरी दस्तावेजों की स्थिति की निगरानी कर रहा है.
सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी है फिटनेस
व्यावसायिक और सरकारी कार्यों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के लिए फिटनेस प्रमाण पत्र महत्वपूर्ण दस्तावेज है. इसके माध्यम से वाहन की तकनीकी स्थिति और सड़क पर संचालन के लिए उसकी उपयुक्तता सुनिश्चित की जाती है. फिटनेस प्रमाण पत्र की अवधि समाप्त होने के बाद उसका नवीनीकरण कराना आवश्यक है. विभाग की कार्रवाई से ऐसे वाहन मालिकों को समय पर फिटनेस जांच और दस्तावेज अपडेट कराने का संदेश भी गया है.
