धनबाद जिले में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-1, धनबाद ने दो अति अल्पकालीन इ-टेंडर जारी किये हैं. इसके तहत गोविंदपुर, निरसा, केलियासोल और एग्यारकुंड प्रखंड में 55 नये बोरवेल का निर्माण कराया जायेगा. विभागीय स्तर पर पहले से ड्रिल किये गये नलकूपों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए भी एजेंसी का चयन किया जायेगा. दोनों कार्यों के लिए कुल अनुमानित राशि करीब 1.62 करोड़ रु है.
55 बोरवेल पर 1.39 करोड़ रु होंगे खर्च
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की निविदा के अनुसार विभिन्न प्रखंडों में 200/165 एमएम व्यास और 180 मीटर गहराई के एचवाइडीटी बोरवेल का निर्माण किया जाना है. इसके तहत गोविंदपुर में 14, निरसा में 17, केलियासोल में छह और एग्यारकुंड में 18 बोरवेल बनाये जायेंगे. इन बोरवेल के लिए कुल अनुमानित राशि करीब 139.65 लाख रु, यानी लगभग 1.40 करोड़ रु निर्धारित की गयी है. प्रत्येक योजना एक माह में पूरा किया जाना है. गोविंदपुर के लिए अनुमानित राशि 35.55 लाख, निरसा के लिए 43.17 लाख, केलियासोल के लिए 15.24 लाख और एग्यारकुंड के लिए 45.71 लाख रु तय है.
पुराने नलकूपों की होगी मरम्मत
दूसरी निविदा प्रमंडल संख्या-1 के विभिन्न प्रखंडों में विभागीय रूप से ड्रिल किये गये नलकूपों की मरम्मत एवं रखरखाव कराया जायेगा. इसके लिए वाहन, मजदूर, टूल्स और प्लांट आदि उपलब्ध कराने के लिए एजेंसी को आउटसोर्स किया जाना है. काम के लिए तय अवधि चार माह है. इसके लिए निविदा में पांच समूह बनाये गये हैं. गोविंदपुर की गोविंदपुर प्रशाखा, गोविंदपुर की कांड्रा प्रशाखा, निरसा, एग्यारकुंड और केलियासोल क्षेत्र को शामिल किया गया है. इन कार्यों की कुल अनुमानित लागत करीब 22.05 लाख रु है.
20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
दोनों निविदाओं के लिए ऑनलाइन बिड जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त शाम पांच बजे निर्धारित की गयी है. तकनीकी बोली 21 अगस्त को शाम पांच बजे कार्यपालक अभियंता कार्यालय, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-1, धनबाद में खोली जायेगी. निविदा प्रक्रिया कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल की देखरेख में संपन्न होगी. केवल इ-निविदा ही स्वीकार की जायेगी. निविदा संबंधी विस्तृत जानकारी झारखंड सरकार के इ-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध है.
