अप्रैल से नवंबर तक 92.18 मिलियन टन हुई लोडिंग
धनबाद : देश भर के रेल मंडल को पछाड़ कर धनबाद रेल मंडल लोडिंग में नंबर वन बन गया है. यह आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2019-20 के अप्रैल से लेकर नवंबर माह तक का है.
पिछले कई महीने से धनबाद रेल मंडल नंबर वन का खिताब अपने पास रखे हुए है. अप्रैल से नवंबर तक 92.18 मिलियन टन लोडिंग कर धनबाद रेल मंडल नंबर वन बना है. यह सिलसिला अगर अगले चार माह चलेगा तो धनबाद इस पूरे वित्तीय वर्ष में नंबर वन की उपलब्धि हासिल कर लेगा. लोडिंग के साथ ही धनबाद रेल मंडल आमदनी में भी अभी तक नंबर वन बना हुआ है.
लोडिंग में पिछड़ा बिलासपुर : बिलासपुर डिवीजन पिछले कई सालों से लोडिंग में नंबर वन पर रहा है. लेकिन इस वित्तीय वर्ष में अब तक उसे दो नंबर पर ही संतोष करना पड़ा है.
अप्रैल से नवंबर तक धनबाद रेल मंडल ने जहां 92.18 मिलियन टन लोडिंग की है, वहीं बिलासपुर डिवीजन ने 82.79 मिलियन टन लोडिंग की. 82.07 मिलियन टन लोडिंग के साथ चक्रधरपुर तीसरे स्थान पर, जबकि 77.44 मिलियन टन लोडिंग कर खुर्दारोड चौथे स्थान पर है. धनबाद रेल मंडल बिलासपुर से लगभग 10 मिलियन टन आगे है जो अपने आप में बड़ा रिकॉर्ड है. सिर्फ नवंबर माह में धनबाद ने 11.95 एमटी, बिलासपुर ने 10.20 एमटी, चक्रधरपुर ने 10.60 व खुर्दारोड ने 9.75 एमटी लोडिंग की है.
