राजगंज : सोमवार दिन के दो बजे के करीब राजगंज बाजार कतरास रोड से दो बाइक सवार उचक्कों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 20 हजार रुपये छिनतई कर ली.
भुक्तभोगी लुसाडीह गांव निवासी पवन प्रसाद चौधरी ने बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया राजगंज शाखा से 20 हजार रुपये को एक काला रंग के बैग में रख कर इसे दूसरे खाते में ट्रांसफर करने को लेकर स्टेट बैंक की शाखा में पहुंचे. वहां लिंक फेल रहने के कारण वे अन्य काम के लिए कतरास रोड लाल बाजार पहुंचे. रुपये से भरा बैग बाएं हाथ में दबाए रखे थे.
अचानक एक बाइक पर सवार दो शख्स ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया. भुक्तभोगी ने बताया कि सबकुछ इतना अचानक हुआ कि वह समझ नहीं पाये. हल्ला मचाने तक दोनों गायब हो चुके थे. बाइक चला रहे व्यक्ति ने हेलमेट पहन रखा था. बैग में 20 हजार रुपये के अलावा बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ग्रीन कार्ड, जीवन प्रमाण पत्र आदि भी रखा था. भुक्तभोगी के अनुसार घटना की सूचना राजगंज पुलिस को दी गयी है.
