चाटुकारों की पार्टी बनती जा रही है
बरवाअड्डा : कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के पुत्र हुब्बान मल्लिक कांग्रेस छोड़ कर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) में शामिल हो गये हैं. बरवाअड्डा स्थित चरक पत्थर मदरसा में रविवार को एआइएमआइएम के झारखंड राज्य के फाउंडर सदस्यों की बैठक हुबान मल्लिक की अध्यक्षता में हुई. संचालन मो. इजाज अली ने किया. बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, गढ़वा, देवघर आदि जिलों से लोग पहुंचे. बैठक में विभिन्न पार्टियों के लोग शामिल थे.
बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गयी. वक्ताओं ने कहा कि मुस्लिमों की आबादी के अनुसार कोई भी पार्टी लोकसभा व विधान सभा चुनाव में टिकट नहीं देती है. विगत कई वर्षों से कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों ने मुसलमानों को वोट बैंक समझ रखा है. अब मुस्लिम वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगे. मुसलमानों को आबादी के अनुसार सीटों के बंटवारे में अपना हिस्सा चाहिए. बैठक में अयोध्या मसले पर भी चर्चा की गयी.
वोट बैंक बन कर नहीं रहेंगे मुसलमान : हुब्बान मल्लिक ने कहा कि जिस पार्टी में अहमियत एवं सम्मान नहीं मिले वैसी पार्टी में रहकर क्या फायदा है. कांग्रेस पार्टी चाटुकारों की पार्टी बनती जा रही है.
जब युवाओं को आवाज उठाने का मौका पार्टी फोरम में नहीं मिलेगा, तो फिर जगह तलाश करनी पड़ती है. पिछले दिनों हैदराबाद में पार्टी के नेता ओवैसी साहब से मिला था. उनकी बातों से बहुत प्रभावित हुआ. इसके बाद ओवैसी साहब की पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया.
इंसाफ नहीं मिलने से ही रीजनल पार्टियों का जन्म होती है. कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों ने मुसलमानों को वोट बैंक समझ रखा है. अब मुसलमान सब समझ चुके हैं. मुसलमान अब वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगे. विपक्षी पार्टियों के झांसे में अब मुसलमान आनेवाले नहीं है.
हमारा नारा है-जय भीम, जय मीम. इस नारे के साथ दबे, कुचले लोगों को एक मंच पर ला कर वर्तमान राजनीति को धार देने का काम करेंगे. मौके पर डॉ. नसीम हसन, सादाब मन्नान, मो. सोहराब अली, मो. साकिब, सरफराज अहमद, शहाबुद्दीन अंसारी, मो. तारिक अनवर समेत अन्य लोग मौजूद थे.
