धनबाद: हीरापुर पार्क मार्केट की दुकान में सफाई का काम करने वाले नाबालिग के साथ गलत हरकत की कोशिश के आरोप में एक युवक की गुरुवार की रात जमकर पिटाई की गयी. मारपीट कर लोगों ने उसे धनबाद थाना के हवाले कर दिया. युवक भूली मोड़ वासेपुर का है. उसका नाम पप्पू है.
पप्पू का कहना है कि मारपीट कर उसके पैसे छीन लिये गये. धनबाद थानेदार अखिलेश्वर चौबे ने बताया कि नाबालिग के आरोप के आधार पर पप्पू को पकड़ा गया है, कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
नाबालिग का आरोप है कि पप्पू बुधवार को उसे बुलाकर ले गया और खाना खिलाकर काफी देर साथ घुमाया व गलत हरकत करने की कोशिश की. गुरुवार की शाम भी पप्पू ने उसे पार्क में बुलाया था. उसे आशंका थी जिसकी सूचना अपने दोस्तो को दे दी थी. सभी पकड़ने को तैयार बैठे थे. पप्पू का आरोप है कि पार्क में कुछ युवक शराब पी रहे थे. वह कारोबारी है, उसके पैसे छीन लिये गये. गलत आरोप लगाकर बदनाम किया जा रहा है.
