धनबादः राहत की बारिश के लिए धनबादवासी आसमान की ओर टकटकी लगाये हुए हैं. रविवार को जिले के कुछ इलाके में अच्छी बारिश हुई. हालांकि अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं होने से लोग मायूस रहे. आज सुबह से ही आसमान में काले बादल आते-जाते रहे. लोग बारिश का इंतजार करते रहे. पूरवा हवा बहने से हवा में नमी थी. धूप के तेवर नरम थे. पारा भी आज शनिवार के मुकाबले पांच डिग्री कम रहा.
शनिवार को यहां का अधिकतम तापमान जहां 41 डिग्री था, वहीं आज यह घट कर 36 डिग्री तक पहुंच गया. हालांकि, उमस के कारण लोग पसीने से तर-बतर होते रहे. आर्द्रता बढ़ी हुई थी. अपराह्न तीन बजे के करीब तेज आंधी आयी. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बूंदा-बूंदी हुई. भौंरा एवं आस-पास के इलाके में दोपहर बाद आधा घंटा से अधिक देर तक झमाझम बारिश हुई. धनबाद से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश होने से यहां का मौसम खुशनुमा हुआ.
