बिना नंबर की नयी गाड़ी से 104 किलो गांजा बरामद, पुलिस को देख फरार हुए तस्कर

पश्चिम बंगाल पुलिस ने झारखंड सीमा पर एक बिना नंबर की गाड़ी से 104 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी है।

प्रतिनिधि, मैथन: झारखंड से पश्चिम बंगाल के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की तस्करी की कोशिश को पश्चिम बंगाल के खुफिया विभाग और कल्याणेश्वरी चौकी की पुलिस ने नाकाम कर दिया. संयुक्त कार्रवाई में 104 किलो गांजा बरामद किया गया. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी को भांपकर तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को खुफिया विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड सीमा पार कर एक चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में गांजा पश्चिम बंगाल लाया जा रहा है. सूचना मिलते ही खुफिया विभाग की टीम सक्रिय हो गयी. इसके बाद कल्याणेश्वरी चौकी की पुलिस के साथ कल्याणेश्वरी लेफ्ट बैंक से सटे पुलिस बागान इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू की गयी. नाका जांच के दौरान तस्करी में शामिल वाहन चालक ने पुलिस की मौजूदगी और मुस्तैदी को दूर से ही भांप लिया.

इसके बाद उसने पुलिस बागान इलाके से कुछ दूरी पहले ही वाहन खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गया. काफी देर तक एक ही स्थान पर वाहन खड़ा रहने पर पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ. टीम ने वाहन की तलाशी ली, तो उसके अंदर गांजा के 100 पैकेट बरामद हुए. जांच में पैकेटों में कुल 104 किलो गांजा पाया गया. तस्करी में इस्तेमाल किया गया चारपहिया वाहन बिल्कुल नया बताया जा रहा है. पुलिस से बचने के लिए वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगाया गया था. इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पश्चिम बंगाल में कहां ले जाया जा रहा था और अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का मुख्य सरगना कौन है, इसकी जांच आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के खुफिया विभाग ने शुरू कर दी है. बिना नंबर वाले वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है. फरार चालक और तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >