Deoghar News : तेज रफ्तार एक्सयूवी ने श्रद्धालुओं की कार में मारी टक्कर, समस्तीपुर की महिला की मौत व पांच घायल

जसीडीह के डिगरिया पहाड़ के पास एक्सयूवी ने कार में ऐसी टक्कर मारी कि वाहन पलट गया. इसमें एक महिला श्रद्धालु की जान चली गयी, जबकि कई अन्य घायल हो गये.

प्रभात खबर टोली, देवघर/जसीडीह : बाबा बैद्यनाथ व बासुकिनाथ मंदिर से पूजा कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए रविवार का दिन काल बनकर सामने आया. डिगरिया पहाड़ के पास अचानक आयी तेज रफ्तार एक्सयूवी ने उनकी कार में ऐसी टक्कर मारी कि वाहन पलट गया और अफरातफरी मच गयी. इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की जान चली गयी, जबकि कई अन्य घायल हो गये. यह घटना देवघर-चकाई मार्ग पर जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ के पास हुई. मृतका की पहचान समस्तीपुर जिले के शाह पटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चकसलेम गांव निवासी 65 वर्षीय वीणा देवी के रूप में हुई है. हादसे में चालक समेत पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गये, जिनमें मृतका के पुत्र नचिकेता, सोनी कुमारी, सिद्धार्थ कुमार, पूजा देवी और चालक उपेंद्र कुमार शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाने के एसआइ रामानुज सिंह सहित एएसआइ अभय कुमार व रामजीवन कुमार पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, एक्सयूवी सवार सभी देवघर शहर के रहने वाले हैं और वे लोग घुमने डिगरिया पार्क गये थे. एक्सयूवी सवार सभी लोग नशे में थे. घटना के संबंध में घायल नचिकेता ने बताया कि वे लोग शनिवार को अपने पुत्र का मुंडन कराने देवघर आये थे. बाबा बैद्यनाथ की पूजा कर मुंडन कराने के बाद वे लोग बासुकिनाथ बाबा के दरबार गये. बासुकीनाथ में पूजा अर्चना करने के बाद रविवार दोपहर में सभी वापस घर लौट रहे थे. उसी क्रम में अचानक डिगरिया पहाड़ के पास बेकाबू एक्सयूवी ने उनकी कार में टक्कर मार दी. इससे उनकी कार पलट गयी और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गये. एक्सयूवी ने इतनी जोरदार टक्कर मारी थी कि उसके गाड़ी का अगला नंबर प्लेट टूटकर श्रद्धालुओं की कार के बॉडी में फंस गया था. घटना के बाद सदर अस्पताल लाने पर वीणा देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया व घायल श्रद्धालुओं का प्राथमिक उपचार कर वार्ड में भर्ती करा दिया गया. सदर अस्पताल में मृत महिला श्रद्धालु के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया गया. उधर, जसीडीह थाने की पुलिस दोनों दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले गयी. साथ ही एक्सयूवी के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. समाचार लिखे जाने तक जसीडीह थाना की पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. हाइलाइट्स देवघर-चकाई मार्ग पर जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ के पास हुई घटना मृतका सहित सभी घायल श्रद्धालु बिहार के समस्तीपुर जिले के हैं रहनेवाले बाबाधाम व बासुकिनाथधाम से पूजा कर लौट रहे थे घर एक्सयूवी कार वाले हैं देवघर के निवासी, चालक को लिया पुलिस ने हिरासत में

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >