विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सीएचसी में जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लियाकत अंसारी ने किया. इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नित्यानंद चौधरी, डॉ. सबिता साहा, लिपिक सरिता देवी सहित कई चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ लियाकत अंसारी ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश और समाज के विकास के लिए एक बड़ी चुनौती है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ और समृद्ध परिवार के लिए “छोटा परिवार, सुखी परिवार” की परिकल्पना को साकार करना आवश्यक है.
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है. अस्पताल परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेला सह जागरूकता शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थायी और स्थायी साधनों की जानकारी दी. योग्य दंपत्तियों को दो बच्चों के बीच उचित अंतर रखने तथा प्रसव के बाद बेहतर देखभाल को लेकर काउंसिलिंग की गयी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने क्षेत्र की सहिया, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे सुदूर ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को सीमित परिवार के लाभों के बारे में जागरूक करें. साथ ही परिवार नियोजन के फायदे और इसके विभिन्न तरीकों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाएं. कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से उपस्थित ग्रामीणों के बीच आवश्यक परामर्श पत्रक और गर्भनिरोधक सामग्रियों का भी वितरण किया गया. मौके पर आशुतोष कुमार, तुलिया कुमारी, बीटीटी सुनीता चौड़े, सरिता देवी, एमपीडब्ल्यू रोहित कुमार, अजय कुमार, गौतम कुमार, पवन कुमार, रौशन कुमार साह, शिवशंकर चौधरी, संतोष कुमार, अजीत यादव, दिनेश कुमार आदि मौजूद थे.
