पालोजोरी : खागा थाना क्षेत्र के खागा-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित बगदहामोड़ के पास बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के देंदुआ अंतर्गत श्रीरामपुर गांव निवासी युधिष्ठिर महतो, पिता भोलू महतो के रूप में की गई है.
रिश्तेदार के घर जाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युधिष्ठिर महतो अपनी मोटरसाइकिल से बगदह के पास स्थित किसी गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे. इसी दौरान खागा थाना क्षेत्र के बगदहामोड़ के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान स्थिति में वहीं तड़पने लगे.
थाना प्रभारी ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही खागा थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव दलबल के साथ अविलंब मौके पर पहुंचे. घायल की नाजुक हालत को देखते हुए थाना प्रभारी ने सरकारी वाहन के माध्यम से उन्हें तुरंत इलाज के लिए जामताड़ा पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान घायल युधिष्ठिर महतो की मौत हो गई. युधिष्ठिर महतो की मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई बताई जाती है.
