पालोजोरी: ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान

पालोजोरी में बेमौसम बारिश के साथ गिरे बड़े ओले, खेतों से लेकर घरों की छत तक क्षति

पालोजोरी. प्रखंड क्षेत्र में रविवार की संध्या अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी. तेज हवा, बेमौसम बारिश और भारी ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है. खासकर आम के मंजर, प्याज, सरसों तथा विभिन्न सब्जी की फसलें प्रभावित हुई हैं. रविवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और देखते ही देखते तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गयी. इसके साथ ही बड़े-बड़े ओले गिरने लगे. ओलावृष्टि की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खेतों में लगी फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गयीं. आम के मंजर झड़ गये, जबकि प्याज, सरसों और सब्जियों की फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है. स्थानीय किसानों ने बताया कि इस समय फसलें तैयार होने की स्थिति में थीं, ऐसे में ओलावृष्टि से उन्हें काफी नुकसान हुआ है. कई किसानों ने अपनी मेहनत और लागत पर संकट की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही है. ओलावृष्टि का असर केवल खेतों तक ही सीमित नहीं रहा. बड़े-बड़े ओले गिरने के कारण कई लोगों के घरों की खपड़ैल और एस्बेस्टस की छतों को भी नुकसान पहुंचा है. अचानक हुई इस प्राकृतिक घटना से क्षेत्र के लोग काफी चिंतित हैं. किसानों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित सहायता देने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Uday kant singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >