सारठ के झुनाकी गांव में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, दो पक्ष आमने-सामने

सारठ : झुनकी गांव में एक जमीन पर दो पक्षों का दावा

सारठ बाजार. थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझलाडीह पंचायत के झुनाकी गांव में एक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है. इसके कारण गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. एक पक्ष के लोगों ने मुखिया मुन्ना मंडल और उनके सहयोगियों पर जबरन कब्जा करने और निर्माण कार्य शुरू करने का आरोप लगाया है. झुनाकी गांव निवासी कानू मंडल, हीरालाल मंडल व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पूर्व वहां के तत्कालीन घटवाल द्वारा उनके परिवार को लगभग दो एकड़ जमीन बसोबास के लिए बंदोबस्त में दी गयी थी. उनका दावा है कि तब से लेकर अब तक वे इस जमीन पर दखल-कब्जा रखते हुए उसका उपयोग करते आ रहे हैं. हीरालाल मंडल द्वारा अंचल अधिकारी (सीओ) और स्थानीय थाने में दिये गये आवेदन में जिक्र किया गया है कि रविवार को पंचायत के मुखिया मुन्ना मंडल अपने सहयोगियों-सुधीर मंडल, खगेश्वर मंडल, सागर मंडल सहित 60 से 70 लोगों के साथ लाठी-डंडा और जेसीवी मशीन लेकर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने जमीन पर जबरन घर और चारदीवारी निर्माण के लिए नींव की खुदाई शुरू कर दी. विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया गया, जिसके बाद वे किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे और पथरड्डा पुलिस को सूचना दी. वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया. फिलहाल स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन गांव में तनाव बना हुआ है. वहीं, दूसरे पक्ष के मुखिया मुन्ना मंडल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उक्त जमीन पर उनके पूर्वज वर्षों से खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं और उनका ही दखल है. उनका कहना है कि हीरालाल मंडल, कानू मंडल समेत अन्य लोग फर्जी कागजात बनाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. इधर, प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और दोनों पक्षों से दस्तावेज मांगे गए हैं.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

मामले की शिकायत मिली है. सीआइ और हल्का को जांच करने आदेश दिया गया है. जांच कर दोषी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

– कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा,

अंचलाधिकारी

———

झुनकी गांव में एक जमीन पर दो पक्षों का दावा. गांव में दो पक्षों में तनाव पथरड्डा पुलिस ने रुकवाया निर्माण कार्य

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAMAKANT MISHRA

RAMAKANT MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >