डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज, पालोजोरी में कर्मियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

पालोजोरी के श्रीमती अनारकली प्लस टू स्कूल में चल रहा है प्रशिक्षण

प्रतिनिधि, पालोजोरी ; जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से श्रीमती अनारकली प्लस टू स्कूल में जनगणना कर्मियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस प्रशिक्षण में प्रगणक और पर्यवेक्षक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं. पालोजोरी में दो टीमों द्वारा यह प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक बैच में 50 प्रशिक्षु शामिल हैं. इस संबंध में प्रभारी बीइइओ अमिताभ झा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 अप्रैल से शुरू होकर 9 मई तक चलेगा. उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जायेगा और इसे दो चरणों में पूरा किया जाना है. पहला चरण 16 मई से 14 जून तक संभावित है, जिसमें जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगे. इस दौरान प्रत्येक मकान मालिक से मकान और संपत्ति से जुड़े 33 सवाल पूछे जायेंगे. इसमें कमरों की संख्या, छत की प्रकृति (पक्का या कच्चा), टेलीफोन, टीवी, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जानकारी शामिल होगी. एकत्रित सभी आंकड़ों को मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में अपलोड किया जायेगा. जनगणना का दूसरा चरण 1 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसमें घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जायेगी. प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने जनगणना कर्मियों को संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि सभी प्रगणक गृह स्वामियों से प्राप्त सूचनाओं को पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ दर्ज करें. प्रशिक्षक के रूप में जहीर अब्बास, कुबेर नाथ सिंह, विद्याकांत शुक्ल और राकेश कुमार साव ने प्रगणकों को मकान सूचीकरण, परिवार संबंधी जानकारी संकलन, डिजिटल ऐप के उपयोग और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी. इसके अलावा जनगणना के तहत भरे जाने वाले कुल 34 कॉलम (33 1) के बारे में भी विस्तार से समझाया गया. प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रत्येक कॉलम को विस्तारपूर्वक समझाया जा रहा है. इस अवसर पर प्रभारी बीइइओ अमिताभ झा और बीपीओ नारायण मंडल भी उपस्थित रहे और जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By UDAY KANT SINGH

UDAY KANT SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >