देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया व पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बीएड कॉलेज परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफ किया. डीसी ने कहा कि सोमवारी पर श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ उमड़ती है. ऐसे में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम जलार्पण के लिए सभी अधिकारी पूरी सजगता व कर्तव्यनिष्ठा से काम करें.
कतार में गैप नहीं, विनम्रता से करें श्रद्धालुओं की सेवा
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार लगातार आगे बढ़ती रहे और कहीं गैप न हो. श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता व सेवाभाव रखें और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु देवघर से अच्छी छवि लेकर लौटें, यह सभी की जिम्मेदारी है.
क्यू व ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष फोकस
एसपी प्रवीण पुष्कर ने क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी ओपी व ट्रैफिक ओपी की जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारियों के पास रहेगी. अपने क्षेत्र में किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें. अधिकारियों ने बेहतर समन्वय व संचार बनाए रखने पर भी जोर दिया.
