Deoghar news : हथियारों के अवैध कारोबार व संगठित अपराध करने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

एटीएस झारखंड और देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने हथियारों का अवैध करोबार और संगठित अपराध करने वाले तीन अपराधियों को देवधर से गिरफ्तार किया है.

वरीय संवाददाता, देवघर. एटीएस झारखंड और देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में बेहतर पुलिसिया अनुसंधान का उदाहरण पेश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. 24 अप्रैल 2026 को देवघर नगर थाना कांड संख्या 170/26 के तहत की गई कार्रवाई में तीन वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजीत कुमार पांडेय उर्फ अजीत कुमार मिश्रा, कृष्णापुरी मुहल्ला निवासी पंकज कुमार सिंह और भुरभुरामोड़ के समीप निवासी सोनू कुमार सिंह शामिल हैं. सोनू सिंह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के दौलतपुर गांव का रहने वाला है. इन आरोपियों का एक साथी बिहार के मुगेर निवासी परवेज के भी इनके अपराध में सहयोगी होने की बात एटीएस की जांच में सामने आयी है. पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है. इन सभी पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं व अलावा आर्म्स एक्ट का भी मामला दर्ज किया गया.

अनुसंधान में हुआ खुलासा, करते थे अवैध हथियारों का कारोबार

अनुसंधान के दौरान यह सामने आया कि उक्त तीनों आरोपी संगठित तरीके से अवैध हथियारों का उपयोग कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे. वहीं अवैध हथियारों के कारोबार से भी इनके नाम जुड़े हैं. एटीएस टीम ने रांची में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर देवघर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर छापेमारी की. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पैसे कमाने के लिए गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं.

अजित के घर मिला देशी मेड पिस्टल, पंकज के घर से देसी कट्टा व सोनू से मिला मोबाइल

छापेमारी के दौरान अजीत पांडेय के घर से एक देशी पिस्टल (मेड इन यूएसए 99 अंकित), 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन बरामद किए गये. वहीं पंकज कुमार सिंह के पास से एक देशी कट्टा और की-पैड फोन और सोनू कुमार सिंह के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है.

गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, नंदीनगर से पकड़ा गया अजीत पांडेय मूल रूप से बिहार के आरा का निवासी है. उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक हैं और कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढ़िया में मेधा डेयरी के बगल स्थित मुहल्ले में घर बनाकर रहते हैं.

उनके नेटवर्क और संभावित संपर्कों की फेहरिस्त खंगाली

जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां ने तीनों आरोपियों से हथियार सप्लाई के धंधे से जुड़े उनके नेटवर्क और संभावित संपर्कों की फेहरिस्त खंगाली है. अभियान को सफल बनाने में रांची से एटीएस के पदाधिकारी अभिनंदन कुमार, एनटीआइ के श्रीकांत शर्मा के अलावा नगर थाना, देवघर की पुलिस टीम के कई पदाधिकारी शामिल थे.

हाइलाइटर :

॰एटीएस और देवघर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध हथियार, कारतूस व अन्य सामान बरामद. ॰पूछताछ में तीनों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकारी

अजीत पांडेय के पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ajay kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >