स्टेट आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में नावेद बना चैंपियन

सारठ प्रखंड के कचुवाबांक का नाम किया रोशन

सारठ. प्रखंड के केचुवाबांक गांव निवासी सरफराज खान के पुत्र गुल नावेद खान ने स्टेट आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर 60 किलोग्राम वर्ग में दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल कर नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है. यह प्रतियोगिता इंडियन आर्म रैसलिंग फेडरेशन की ओर से रांची में 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गयी थी. प्रतियोगिता में गुल नावेद खान ने सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में राइट आर्म स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि लेफ्ट हैंड स्पर्धा में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा. कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी और जीत हासिल की. अपनी उपलब्धि के बारे में बताते हुए गुल नावेद ने कहा कि संघर्ष के कठिन पलों के बाद मिली यह जीत उनके लिए बेहद खास है. इस जीत के साथ उन्हें झारखंड राज्य की ओर से मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतना और आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करना है. वर्तमान में वह 12वीं कक्षा के छात्र हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है और उनका सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करना है. सफलता को लेकर उनके नाना पूर्व पंचायत समिति सदस्य समीउद्दीन मिर्जा नानी पंचायत समिति सदस्य, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अब्दुल मियां, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सह जिला उपाध्यक्ष इश्तियाक मिर्जा, चाचा शाहनवाज खान, ग्राम प्रधान सलाउद्दीन मिर्जा भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मंडल पूर्व एथलीट अकबर अली मिर्जा अमीरुद्दीन मिर्जा आदि फुले नहीं समा रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mithilesh sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >