सारठ. भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल किल्लत को देखते हुए बुधवार को सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में खराब पड़े चापाकलों और जलमीनारों को चालू करने की योजना पर अभियंताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गयी. इस दौरान सारठ, पालाजोरी और जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड में स्थापित जलमीनारों की स्थिति पर गहन समीक्षा हुई. विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में बंद और खराब पड़े चापाकलों व जलमीनारों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली. अधिकारियों ने बताया कि सारठ प्रखंड में कुल 3465 चापाकल हैं, जिनमें 429 खराब हैं. वहीं पालाजोरी में 3381 चापाकलों में से 371 खराब और बंद पड़े हैं. इसके अलावा दर्जनों जलमीनार वर्षों से बंद हैं, जिसके कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया हुआ है. ग्रामीण इलाकों से लगातार पानी की समस्या की शिकायतें मिल रही हैं. विधायक ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अभियंताओं को 30 दिनों के भीतर सभी खराब चापाकलों और जलमीनारों को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया. साथ ही निर्देश दिया कि पिछले तीन वर्षों में संचालित सभी योजनाओं की वर्तमान स्थिति और बंद होने के कारणों की योजना-वार जानकारी एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाये. उन्होंने कहा कि योजनाओं को पुनः शुरू करने के लिए विभाग प्लान तैयार करे, जबकि आवश्यक राशि सरकार से उपलब्ध कराना उनका दायित्व होगा. बैठक के दौरान प्रखंड स्तर के पीएचडी कर्मियों को कार्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया. वहीं, प्रखंड मुख्यालय में अनुपस्थित रहने की शिकायत पर पालाजोरी के कनीय अभियंता राजकिशोर महतो को फटकार लगाते हुए बैठक से बाहर कर दिया गया. इसके अलावा, बिजली विभाग के सहायक अभियंता सोमेश कुमार को जलमीनारों में बिजली संबंधी समस्याओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया. इस पर अधीक्षण अभियंता अरबिंद मुर्मू ने बताया कि पाइप और अन्य सामग्री की कमी के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया जारी है और एक सप्ताह में पूरी होने की संभावना है। इसके बाद युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा. अधिकारियों ने विधायक के निर्देशानुसार 30 दिनों के भीतर सभी बंद चापाकलों और जलमीनारों को चालू कर पेयजल समस्या दूर करने का आश्वासन दिया. मौके पर बीडीओ चंदन कुमार सिंह,अधीक्षण अभियंता अरबिंद मुर्मू, कार्यपालक अभियंता राहुल प्रियदर्शी, सहायक अभियंता आशुतोष कुमार, कनीय अभियंता दिलीप मंडल, अजित कुमार रविदास, राजकिशोर महतो, जामताड़ा के कार्यपालक अभियंता अनूप महतो, सहायक अभियंता अशोक पासवान, करमाटांड़ के जेई अभिषेक बाड़ा ,बीससूत्री अध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष लखेश्वर मुर्मू, सचिव अनिल सिंह, बिक्रम सिंह, संजय तिवारी, शालिग्राम मंडल समेत अन्य मौजूद थे. हाइलार्ट्स : बैठक में सारठ में पेयजल संकट पर विधायक की सख्ती
30 दिनों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करें : चुन्ना सिंह
पेजयल समस्या दूर करने के लिए विधायक ने पीएचडी विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक
