फ्री में गहना-बर्तन साफ करने के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी, तीन भर सोने का कंगन लेकर फरार

पालोजोरी के नावाडीह-आंबेडकर नगर की घटना

प्रतिनिधि, पालोजोरी; पालोजोरी बाजार के नवाडीह मोहल्ले में शुक्रवार करीब 11 बजे एक 80 वर्षीय वृद्ध महिला से ठगी का मामला सामने आया है. फ्री में गहना और बर्तन साफ करने का लालच देकर दो युवकों ने महिला के सोने का कंगन लेकर फरार हो गये. पीड़िता कुंती देवी ने बताया कि वह रोज की तरह नवाडीह आंबेडकर नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर बातचीत करने गयी थीं. वह बरामदे में चौकी पर बैठी थीं, तभी दो युवक वहां पहुंचे और खुद को किसी कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए फ्री में बर्तन और गहने साफ करने की बात कही. जब घर वालों ने उन्हें बर्तन नहीं दिया तो उन्होंने कुंती देवी के हाथ में पहने सोने के कंगन को साफ करने का लालच दिया. इसी दौरान एक युवक ने बातचीत में उलझाकर उनके हाथ से कंगन खोल लिया और उसे पाउडर के पैकेट में डाल दिया. कुछ ही देर बाद युवकों ने एक पैकेट वापस दिया और कहा कि अंदर कंगन साफ होकर रखा है. जब महिला ने घर जाकर पैकेट खोला तो उसमें सोने का कंगन नहीं बल्कि लाल रंग की दो प्लास्टिक की चूड़ियां मिलीं. इसके बाद जब वह बाहर निकलीं तो देखा कि दोनों युवक बाइक से फरार हो चुके थे. घटना के बाद पीड़िता रोते-बिलखते अपने घर पहुंचीं और परिजनों को जानकारी दी. कुंती देवी के अनुसार, कंगन का वजन लगभग तीन भर (करीब 36 ग्राम) था, जिसकी बाजार कीमत लगभग साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है. घटना की लिखित शिकायत पालोजोरी थाना में दी गयी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घरवालों व आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी कर रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है. लोगों ने कहा कि ठग नये-नये तरीके अपनाकर भोले-भाले ग्रामीणों और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. हाइलार्ट्स : फ्री में गहना साफ करने का लालच देकर वृद्ध महिला के सोने का कंगन उड़ाया

उड़ाये गये तीन भर सोने के कंगन का मूल्य साढ़े पांच लाख रुपये है

पीड़िता ने पालोजोरी थाना में दिया आवेदन, पुलिस मामले की कर रही है छानबीन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Uday kant singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >