पालोजोरी. पालोजोरी में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है. तीन दिन पूर्व पालोजोरी के बीडीओ सह सीओ का अतिरिक्त प्रभार संभालने वाले मधुपुर के एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट विनय कुमार पांडे को अब इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है. डीसी द्वारा 12 मई को जारी किए गए अपने ही कार्यालय आदेश को निरस्त करते हुए नया निर्देश जारी किया गया है. इसके तहत एक बार फिर सारठ के बीडीओ चंदन कुमार सिंह को पालोजोरी का प्रभारी बीडीओ और कृष्ण चंद्र मुंडा को प्रभारी सीओ के रूप में पदभार संभालने का निर्देश दिया गया है. गौरतलब है कि इससे पहले भी यही दोनों अधिकारी-चंदन कुमार सिंह और कृष्ण चंद्र मुंडा-पालोजोरी में बीडीओ और सीओ के रूप में कार्यरत थे. केवल तीन दिन के अंतराल में हुए इस बदलाव ने प्रशासनिक हलकों में सवाल खड़े कर दिए हैं और चर्चाओं को जन्म दिया है. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं, क्योंकि इतनी कम अवधि में आदेश बदलने का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया है.
पालोजोरी में प्रशासनिक फेरबदल, बीडीओ-सीओ के फिर बदले गये प्रभार
डीसी ने अपने आदेश को किया निरस्त, विनय कुमार पांडे मधुपुर के हैं कार्यपालक दंडाधिकारी
