Deoghar News : देवघर की चार पंचायतों के मुखिया को सीएम ने किया पुरस्कृत, सोनारायठाढ़ी पंचायत समिति को मिले 15 लाख

मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत देवघर जिले की चार पंचायतों सहित सोनारायठाढ़ी पंचायत समिति काे पुरस्कार मिला है. 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर रांची में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडे व स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने पुरस्कृत किया.

संवाददाता, देवघर : मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत देवघर जिले की चार पंचायतों सहित सोनारायठाढ़ी पंचायत समिति काे पुरस्कार मिला है. 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर रांची में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडे व स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने पुरस्कृत किया. चयनित पंचायतों में मोहनपुर प्रखंड की नया चितकाठ पंचायत के मुखिया अनिल कुमार साह व बांक पंचायत की मुखिया बिंदु मंडल को प्रशस्ति पत्र व 10-10 लाख रुपये का चेक दिया गया. महापुर की मुखिया बहामुनी मुर्मू व केचुवासोली पंचायत के मुखिया राजीव रंजन को प्रशस्ति पत्र व चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया. वहीं सोनारायठाढ़ी पंचायत समिति को 15 लाख का चेक बीडीओ नीलम कुमारी को सौंपा गया. नया चितकाठ पंचायत को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान, पारदर्शी कार्य प्रणाली, बांक पंचायत को गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने व स्कूलों में स्वच्छता को लेकर पुरस्कार दिया गया है, जबकि केचुवासोली व महापुर पंचायत को नियमित ग्राम सभा के आयोजन लिए पुरस्कार दिया गया. सोनारायठाढ़ी पंचायत समिति को उत्कृष्ट एवं स्वस्थ व स्वच्छ पंचायत समिति के रूप में पुरस्कृत किया गया है. ग्राम पंचायतों को प्राप्त राशि विकास कार्यों में खर्च की जायेगी. ग्राम सभा व पंचायत कार्यकारिणी से योजना चयन कर विकास कार्य किये जायेंगे. इस दौरान देवघर से जिला पंचायतीराज पदाधिकारी रणवीर कुमार सिंह रांची पहुंचे थे.

चार उत्कृष्ट जिला परिषद में देवघर रिजेक्ट

मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राज्य के चार जिला परिषद का चयन हुआ. इसमें रामगढ़, कोडरमा, लोहरगा व पाकुड़ जिला परिषद को उत्कृष्ट स्वस्थ व स्वच्छ जिला परिषद के रूप में चयन किया गया है. इन जिला परिषद को 25-25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया. देवघर जिला परिषद मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में क्वाइलीफाइ भी नहीं कर पाया. मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में क्लाइफाइ करने के लिए जो मानक तय किये गये थे, उसमें देवघर जिला परिषद खरा नहीं उतर पाया. इस कारण देवघर जिला परिषद 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से वंचित हो गया.

हाइलाइट्स

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर रांची में हुए सम्मानित

केचुवासोली व महापुर को चार-चार लाख मिले

सोनारायठाढ़ी पंचायत समिति को 15 लाख का मिला चेक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >