वादा खिलाफी के खिलाफ सहायक अध्यापकों ने फूंका बिगुल, 18 अप्रैल को सीएम आवास घेराव की तैयारी तेज

पालोजोरी में बैठक कर सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन की बनायी रणनीति

पालोजोरी. प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित आमबगान में रविवार को सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने बैठक कर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन की रणनीति तैयार की. प्रशिक्षित आकलन सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के निर्देश के आलोक में आयोजित बैठक में 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने पर विशेष चर्चा हुई. इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कुमार साह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव पूर्व वादा किया था कि सरकार बनने के तीन माह के भीतर समान कार्य के लिए समान वेतन लागू किया जायेगा, लेकिन एक कार्यकाल पूरा होने और दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ है. इससे सहायक अध्यापकों में गहरी चिंता व्याप्त है. सदस्यों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतनमान लागू करना, टेट के समतुल्य आकलन पास को मान्यता देना, आगामी टेट परीक्षा में पारा शिक्षकों व सहायक अध्यापकों को नियुक्ति के अनुसार वेटेज देना शामिल है. इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता में 50 प्रतिशत की अनिवार्यता समाप्त करने, क्षेत्रीय भाषाओं में सुधार और सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने की भी मांग की गयी. आंदोलन को सफल बनाने के लिए सात अप्रैल से प्रखंड के 16 संकुलों का दौरा किया जायेगा. प्रखंड कमेटी दोपहर दो बजे के बाद प्रत्येक संकुल में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की वादा खिलाफी को उजागर करेगी. मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कुमार साह, प्रखंड अध्यक्ष बासुकी सिंह, प्रखंड सचिव समसुल अंसारी, मुख्तार अली शाह, रामलाल मंडल, तुलसी दास, राजीव रंजन सिंह, सुनीता कुमारी, अनिता गोण, मुख्तार अंसारी, अलाउद्दीन अंसारी, जितेन्द्र यादव, हिरेन बाउरी, समशेर अंसारी, रंजीत भोक्ता, सुबल भंडारी, इनोद यादब, मोनशुर अंसारी आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Uday kant singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >