नाबालिग को पकड़ ले जाने का प्रयास, बचाने पहुंचे परिजनों से मारपीट

सारवां की घटना, पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग

सारवां. थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने थाने में आवेदन देकर उनकी 12 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गलत नीयत से पकड़ कर ले जाने के प्रयास तथा विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है. दिये गये आवेदन में कहा गया है कि शनिवार की संध्या करीब 6:30 बजे उनकी 12 वर्षीय नाबालिग पुत्री शौच के लिए घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर गयी थी. इसी दौरान गांव के ही एक असामाजिक तत्व ने उसे गलत नियत से पकड़ कर ले जाने का प्रयास किया. पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाव के लिए उसके 80 वर्षीय दादा, पिता, दो भाई और मां मौके पर पहुंचे. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा. आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा तथा सभी के साथ मारपीट की. मारपीट की घटना में 80 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराया गया. स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना थाने को दे दी गयी है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: LILANAND JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >