सारठ बाजार. तालझारी क्षेत्र के अजय नदी स्थित तालझारी बालू घाट के उठाव को लेकर तालझारी और साधरिया गांव के ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. मंगलवार को इस मामले में एक पक्ष द्वारा मारपीट, गाली-गलौज, वसूली और छिनतई के गंभीर आरोप लगाये गये हैं. तालझारी गांव निवासी गुजर राय ने साधरिया गांव के सात नामजद सहित करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ चितरा थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वे सभी लोग बालू उठाव के दौरान पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए काम रोक दिया. पीड़ित पक्ष का कहना है कि 14 अप्रैल को करीब 11 बजे वे लोग अजय नदी घाट पर मजदूरी का कार्य कर रहे थे, तभी साधरिया गांव के कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और प्रत्येक ट्रैक्टर से 100 रुपये की मांग करने लगे. आरोप यह भी है कि विरोध करने पर मारपीट की गयी और करीब चार हजार रुपये की छिनतई कर ली गयी. साथ ही ट्रैक्टर पर रखे गए धामा, कुदाल और बेलचा भी ले जाने का आरोप लगाया गया है. इस घटना के बाद इलाके में दोनों गांवों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. मामले की सूचना मिलने पर चितरा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
तालझारी बालू घाट पर ट्रैक्टर से वसूली और मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सारठ : बालू घाट को लेकर दो गांवों में तनाव
